ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारबिहार में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 357 लोग गिरफ्तार, 7511 वाहन जब्त

बिहार में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 357 लोग गिरफ्तार, 7511 वाहन जब्त

कोरोना वायरस जैसी महामारी को रोकने के लिए लगाए लॉक डाउन का उल्लंघन करनेवालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। 24 मार्च से शुरू हुए लॉक डाउन के तहत अबतक राज्य में 357 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया...

बिहार में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 357 लोग गिरफ्तार, 7511 वाहन जब्त
पटना। हिन्दुस्तान ब्यूरोFri, 03 Apr 2020 09:06 PM
ऐप पर पढ़ें

कोरोना वायरस जैसी महामारी को रोकने के लिए लगाए लॉक डाउन का उल्लंघन करनेवालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। 24 मार्च से शुरू हुए लॉक डाउन के तहत अबतक राज्य में 357 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पांच सौ से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक शुक्रवार को 45 मामले दर्ज किए गए हैं जबकि 74 लोगों को लॉक डाउन तोड़ने के चलते गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 811 वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने बेवजह सड़कों पर निकले वाहन चालकों को 16.60 लाख रुपए का जुर्माना भी किया। लॉक डाउन के लागू होने के बाद से रोजना मामले दर्ज हो रहे हैं और इसे न माननेवालों की गिरफ्तारी का आंकड़ा में बढ़ता जा रहा है। 

अबतक 7511 वाहन जब्त
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। 24 मार्च से अबतक 7511 वाहन जब्त किए गए। चालकों पर 16350550 रुपए का जुर्माना किया गया। अबतक 542 एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक लॉक डाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए थाना, अनुमंडल और जिला स्तर पर पुलिस की कार्रवाई दिन-रात जारी है। 

नालंदा में लॉकडाउन के उल्लंघन से जुड़े 163, पटना में 11, गया में 44, सीवान में 73, सारण में 34, मोतिहारी में 24 और भागलपुर में 13 मामले दर्ज हुए हैं। सबसे अधिक अररिया में 1199, पटना में 453, नालंदा में 354, मुजफ्फरपुर में 407 और सारण में 366 गाड़ियां जब्त की गई। वहीं गया में 54, पटना में 12, नालंदा में 34, सारण व कैमूर में 34-34 और मोतिहारी में 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।  

लॉकडाउन का उल्लंघन किया तो खैर नहीं
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक लॉक डाउन का पालन कराने के लिए पूरी सख्ती बरती जा रही है। सिर्फ आवश्यक सेवाओं में शामिल वाहनों और लोगों को ही इससे छूट दी गई है। इसके अलावा कोई भी इसका उल्लंघन करता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। लॉक डाउन के दौरान लोग घरों में रहे इसके लिए गश्त बढ़ा दी गई है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है ताकि बेवजह आनेजानेवालों को रोका जा सके। सभी जिलों को लॉक डाउन का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें