Bihar Election 2020: 'निश्चय संवाद' में नीतीश का वार-'उनके लिए सिर्फ पति-पत्नी-बच्चे, हमारे लिए समाज ही परिवार'
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'निश्चय संवाद' के दूसरे दिन के पहले चरण में 11 विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री लालू...

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'निश्चय संवाद' के दूसरे दिन के पहले चरण में 11 विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और राबड़ी यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने काम किया है हमसे पहले पति-पत्नी को राज मिला उन्होंने क्या किया? उनके लिए पति-पत्नी-बच्चे ही सब कुछ, हमारे लिए समाज ही परिवार है।
मुख्यमंत्री ने राजद की सरकार में बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लोग ठीक कहते हैं कि नई पीढ़ी को बताना चाहिए बिहार में जंगलराज के बारे में। हमने कहा था कानून का राज स्थापित करेंगे, न्याय के साथ विकास करेंगे, हर तबके का विकास करेंगे और किया है। हमने पर्यावरण के लिए जो काम किया उसको देख कर लोग दंग रह गए। जल - जीवन - हरियाली अभियान चलाया।
उन्होंने तंज कसा कि लोगों ने उनकी मुहिम का समर्थन किया लेकिन विपक्षियों ने मानव श्रृंखला में भाग लेने वालों को पार्टी से निकाल दिया। मुख्यमंत्री ने पंचायती चुनाव में आरक्षण को अपनी सरकार की देन बताया। उन्होंने कहा कि आरक्षण का भी विरोधियों द्वारा विरोध किया गया। लोग कोर्ट तक गए लेकिन नियम बढि़या था यह सबने माना।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना काल में हमने सभी लोगों की हरसंभव मदद की कोशिश की। करीब 15 लाख लोगों को क्वारंटीन किया गया। उनमें से हर एक पर 5300 रुपए खर्च हुए। जांच से लेकर इलाज तक सभी बातों का ख्याल रखा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग सेवा-सेवा बोलते रहते हैं लेकिन बस मेवा खाना चाहते हैं। हमारे लिए सेवा ही धर्म है। हमने जिन कार्यक्रमों की घोषणा की सभी को पूरा किया है। अब उद्देश्य है सक्षम बिहार- स्वाबलंबी बिहार बनाने का। यह चुनाव बिहार को विकसित प्रदेश बनाने का है। अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि आज जीडीपी 2006-07 के 88 हजार करोड़ से 4 लाख 14 हजार 977 करोड़ हो गई है। प्रति व्यक्ति आय 34 हजार 483 रुपये पहुंच गई है। लोग विकास की बात करते हैं लेकिन उनको पता ही नहीं है कि बिहार का कितना विकास हुआ है। पूरे राज्य की वृद्धि हुई है कोई यहां उद्योग नहीं लगाना चाहता क्योंकि यहां समुद्र नहीं है इसलिए हम स्थानीय स्तर पर उद्योग लगाने के लिए काम कर रहे हैं।
समाज के अंतिम व्यक्ति के लिए कर रहे काम
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने शुरू से हाशिये पर रह रहे अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यकों, अतिपिछड़ा समाज सहित सभी के लिए अनेक योजनाएं बनाई हैं। उनको मुख्य धारा से जोड़ा गया है। उद्यमी योजना की हमने शुरूआत की है। अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति वर्ग को लोन दे रहे हैं, अनुदान दे रहे हैं। लोग अल्पसंख्यकों के नाम पर वोट लेते हैं लेकिन किया क्या है? भागलपुर में जो दंगा हुआ उसके लिए क्या किया? हमने सरकार में आते ही जांच कराई, पीड़ितों को 2500 रुपए प्रतिमाह देने का प्रावधान किया। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए काम कर रही है।
बेटियों के साथ बेटों को भी दी साइकिल
सीएम ने कहा कि बच्चों-बच्चियों की पढ़ाई के लिए काम किया। पहले पूरे बिहार में 1 लाख 70 हजार से भी कम लड़कियां स्कूल जाती थी अब 9 लाख से भी ज्यादा हो गई। बिहार में प्रजनन दर को हम लोगों ने कंट्रोल किया है लोगों को शिक्षित करने से ऐसा हुआ है। हमने लड़कियों की शिक्षा के लिए काम किया, इस बार मैट्रिक की परीक्षा में लड़कियों की संख्या लड़कों से ज्यादा थी। जो बच्चे स्कूल से वंचित थे उनको स्कूल पहुंचाने का काम किया। हमने लड़कियों की शिक्षा के लिए उनको बढ़ावा देने के लिए साइकिल योजना की शुरूआत की, लोग मजाक उड़ाते थे, लेकिन उसका प्रभाव आप सब के सामने है। हमने लड़कियों के साथ लड़कों को भी साइकिल दी। लड़कियों के लिए आरक्षण दिया। इसका प्रभाव दिखा लड़कियां पढ़ने लगीं, आगे बढ़ने लगीं और उनकी हर क्षेत्र में भागीदारी बढ़ी है। इसको आगे भी हर क्षेत्र में लागू करेंगे।