ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारअररिया में नाबालिग की निर्मम हत्या, स्कूल के बरामदे पर खून से सना मिला शव

अररिया में नाबालिग की निर्मम हत्या, स्कूल के बरामदे पर खून से सना मिला शव

बिहार के अररिया जिले में एक किशोर की निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारों ने नाबालिग की लाश को स्कूल के बरामदे पर फेंक दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।

अररिया में नाबालिग की निर्मम हत्या, स्कूल के बरामदे पर खून से सना मिला शव
Malay Ojhaहिन्दुस्तान,अररियाMon, 25 Sep 2023 06:52 PM
ऐप पर पढ़ें

अररिया जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र स्थित पथरदेवा मध्य विद्यालय के बरामदे पर सोमवार की सुबह खून से सना 13 वर्षीय किशोर का शव मिलते ही सनसनी फैल गई। आसपास खून के धब्बे बिखरे पड़े थे। शव देखकर लगता था कि किशोर की हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक मंटू कुमार पासवान बगल के ही चकोरबा वार्ड संख्या 5 निवासी ताराचंद पासवान का बेटा था। वह इस स्कूल का छात्र नहीं था। शव मिलने के बाद ग्रामीण काफी आक्रोशित दिख रहे थे। 

इस संबंध में मृतक के पिता ताराचंद पासवान ने बताया कि रविवार की रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद मंटू अपने दो-तीन दोस्तों के साथ खेलने निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। सुबह उसका शव मिला। जिन किशोरों के साथ मंटू खेलने निकला था फिलहाल उसका पता नहीं चल पाया है। मृतक के पिता ने किसी युवकों द्वारा हत्या करने की आशंका जताई है। ताराचंद ने बताया कि रात से वे अपने बेटे की खोजबीन कर रहे थे। मगर वह घर नहीं पहुंचा। सोमवार की सुबह जब खोजबीन के लिए निकले तो पता चला कि स्कूल में एक शव है। स्कूल जाकर देखा कि वह उनके बेटे का शव था। किसी ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। 

चकोरबा वार्ड पांच निवासी ताराचंद पासवान के चार बेटों में मंटू सबसे छोटा था। वह मजदूरी करता था। पीड़ित पिता ने बताया कि उसका किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। शव के बगल में सनफिक्स का खाली पैकेट मिलने से तरह-तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही है। विद्यालय के प्राचार्य संजय मिश्रा ने बताया कि वरीय अधिकारी को सूचना देकर विद्यालय में सोमवार को छुट्टी दे दी गई है। घटनास्थल पर पहुंचं बथनाहा के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नंदकिशोर नंदन व नरपतगंज के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर कुमार विकास दलबल के साथ पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस तमाम बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। हत्या हुई है। 

विधानसभा चुनाव 2023 के सारे अपड्टेस LIVE यहां पढ़े