
बीजेपी के विधानसभा मार्च पर लाठीचार्ज; जहानाबाद महासचिव विजय सिंह की मौत; जनार्दन सिग्रीवाल, विजय सिन्हा, नितिन नबीन को डंडे पड़े
पटना में बीजेपी के विधानसभा मार्च में पुलिस लाठीचार्ज के दौरान भाजपा के जहानाबाद जिला महासचिव विजय कुमार सिंह की मौत हो गई है। सुशील मोदी ने ट्वीट करके कहा है कि मौत लाठीचार्ज से हुई है।
बिहार में शिक्षक भर्ती और 10 लाख रोजगार के मामले पर विधानसभा मार्च निकाल रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पटना में पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान बीजेपी के जहानाबाद जिला महासचिव विजय सिंह की मौत हो गई है। बीजेपी नेताओं ने कहा है कि लाठीचार्ज से विजय सिंह की मौत हो गई। पटना पुलिस ने इसे नकारते हुए कहा है कि विजय बेहोशी की हालत में मिले थे और शरीर पर कोई चोट नहीं था। लाठीचार्ज के दौरान भाजपा सांसद जनार्दन सिग्रीवाल, नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, विधायक नितिन नबीन समेत कई नेता वीडियो में डंडे खाते नजर आए हैं।
पूर्व डिप्टी सीएम और बीजेपी सांसद सुशील मोदी ने ट्वीट किया है- जहानाबाद जिले के जीएस विजय कुमार सिंह की क्रूर पुलिस लाठीचार्ज में मौत हो गई। हालांकि प्रशासन का कहना है कि वो बेहोशी की हालत में मिले थे, जिसके बाद उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने भी कहा है कि विजय सिंह की मौत लाठीचार्ज में हुई है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लाठीचार्ज की भर्त्सना करते हुए ट्वीट किया है कि यह महागठबंधन सरकार की बौखलाहट का नतीजा है। नड्डा ने कहा है कि एक चार्जशीटेड आदमी को बचाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नैतिकता तक भूल गए हैं।

बीजेपी के विधानसभा मार्च में भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने जब पुलिस की बैरिकैडिंग तोड़ दी तो उनके ऊपर पुलिस लाठीचार्ज किया गया जिसमें उनको भी चोट आई है। पुलिस का कहना है कि विधानसभा मार्च को डाक बंगला चौराहे पर रोकने की कोशिश की गई लेकिन भाजपा नेता सुरक्षा घेरा तोड़कर जबर्दस्ती आगे बढ़ रहे थे। पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए बल प्रयोग किया।
पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे पर धरने पर बैठ गये और किसी को चौराहे से गुजरने नहीं दे रहे थे। जब पुलिस ने सड़क खाली कराने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प शुरू हो गयी। पुलिसकर्मियों ने समझाने की कोशिश की तो हाथापाई भी हो गई। फिर पुलिस ने पानी की बौछार और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी और सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि पटना में हो रहे प्रदर्शन पर पुलिस का लाठीचार्ज निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। नीतीश कुमार सरकार को सवालों का जवाब देना होगा। हमने इन सवालों को सदन में भी उठाने की कोशिश की लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, इसलिए हमने सड़कों पर उतरने का फैसला किया है। वहीं सम्राट चौधरी ने कहा है कि जब उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से राजभवन मार्च किया तो पुलिस ने लाठीचार्ज क्यों किया।





