बीमा भारती नहीं लड़ेंगी रूपौली उपचुनाव, लालू से टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय उतरेंगे पति अवधेश मंडल

Jun 14, 2024 06:52 pm ISTJayesh Jetawat आदित्यनाथ झा, हिन्दुस्तान टाइम्स, पूर्णिया
share

बिहार की रूपौली विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में आरजेडी की बीमा भारती ने अपने बाहुबली पति अवधेश मंडल के लिए टिकट मांगा है। उन्होने कहा कि टिकट ना मिला तो वे निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।

बीमा भारती नहीं लड़ेंगी रूपौली उपचुनाव, लालू से टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय उतरेंगे पति अवधेश मंडल

बिहार के पूर्णिया जिले की रूपौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव का मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। रूपौली से विधायक रहीं बीमा भारती ने उपचुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी से अपने पति अवधेश मंडल के लिए टिकट मांगा है। बीमा ने कहा कि अगर उन्हें टिकट नहीं मिला तो वे निर्दलीय ही मैदान में उतर जाएंगे। बता दें कि अवधेश मंडल की गिनती इलाके के बाहुबलियों में होती है। महागठबंधन से वाम दल सीपीआई ने पहले ही रूपौली से अपना कैंडिडेट उतारने का ऐलान कर दिया है। 

बीमा भारती ने शुक्रवार को कहा कि वह उपचुनाव नहीं लड़ेंगी। इस बार उनके पति अवधेश मंडल यहां से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी साफ किया कि वह लालू यादव की पार्टी आरजेडी से टिकट लेने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अगर पार्टी से टिकट नहीं मिला तो उनके पति निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरेंगे। 52 साल की बीमा भारती पहली बार साल 2000 में बतौर निर्दलीय उम्मीदवार रूपौली विधानसभा सीट से जीती थीं। बाद में वह आरजेडी में शामिल हो गईं और 2005 में फिर लालू की पार्टी से विधायक बनीं। इसके बाद वह जेडीयू के टिकट पर तीन बार विधानसभा का चुनाव लड़ीं और जीत दर्ज की। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बीमा भारती पाला बदलकर आरजेडी में आ गईं और पूर्णिया से इलेक्शन लड़ा, मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बीमा भारती के जेडीयू से आरजेडी में जाने पर रूपौली विधानसभा सीट खाली हो गई, जिस पर अब उपचुनाव हो रहे हैं।

बीमा भारती के पति की छवि बाहुबली नेता के तौर पर है। वे एक समय में फैजान नाम के संगठन के मुखिया थे, जिस पर पूर्णिया के पश्चिमी इलाके में उत्पात वाली गतिविधियों में संलिप्तता आई थी। वह हिस्ट्रीशीटर भी हैं। उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। 

रूपौली उपचुनाव में जेडीयू से कलाधर मंडल को टिकट, बीमा भारती के खिलाफ लड़े थे निर्दलीय

महागठबंधन से सीपीआई लड़ेगी रूपौली उपचुनाव?
विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि महागठबंधन में आरजेडी रूपौली विधानसभा सीट अपने घटक दल सीपीआई को देने पर विचार कर रही है। सीपीआई ने एक दिन पहले रूपौली उपचुनाव लड़ने का ऐलान भी कर दिया है। लेफ्ट पार्टी यहां से विकास चंद्र मंडल को मैदान में उतार सकती है। आरजेडी सूत्रों के मुताबिक बीमा भारती को लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार को देखते हुए आरजेडी ने उन्हें विधानसभा उपचुनाव में दोबारा नहीं उतारने का फैसला लिया है।

हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में पूर्णिया से लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी ने बीमा भारती को मैदान में उतारा था। हालांकि, इसमें उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। पूर्णिया से महागठबंधन के बागी निर्दलीय कैंडिडेट पप्पू यादव ने जीत दर्ज की। जेडीयू के संतोष कुशवाहा दूसरे नंबर पर रहे। वहीं बीमा भारती मुकाबले से बहुत दूर नजर आईं और तीसरे नंबर पर रहीं।

जेडीयू से कलाधर मंडल को टिकट
दूसरी ओर, एनडीए से रूपौली उपचुनाव में जेडीयू ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी ने कलाधर मंडल को टिकट दिया है, जो 2020 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय लड़े थे और चौथे नंबर पर हे थे। जेडीयू नेता राकेश कुमार ने कहा कि रुपौली और धमदाहा विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को लोकसबा चुनाव में निर्दलीय पप्पू यादव से अधिक वोट मिले और इसलिए कह सकते हैं कि हम काफी आराम से उपचुनाव जीतने जा रहे हैं। रूपौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। इस सीट पर 10 जुलाई को मतदान होना है। 

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।