ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारबिहार : होली के दिन मौसम रहेगा शुष्क, धूप-छांव की रहेगी स्थिति

बिहार : होली के दिन मौसम रहेगा शुष्क, धूप-छांव की रहेगी स्थिति

बिहार का मौसम पल-पल अपना रंग बदल रहा है। पिछले कई दिनों से पूरे बिहार में कभी धूप तो कभी छांव हो रही है। रविवार को भी पटना सहित लगभग पूरे प्रदेश में कमोबेश यही स्थिति रही। पूर्णिया, वैशाली सहित...

बिहार : होली के दिन मौसम रहेगा शुष्क, धूप-छांव की रहेगी स्थिति
हिन्दुस्तान टीम, पटना।Mon, 09 Mar 2020 09:56 AM
ऐप पर पढ़ें

बिहार का मौसम पल-पल अपना रंग बदल रहा है। पिछले कई दिनों से पूरे बिहार में कभी धूप तो कभी छांव हो रही है। रविवार को भी पटना सहित लगभग पूरे प्रदेश में कमोबेश यही स्थिति रही। पूर्णिया, वैशाली सहित पांच-छह जगहों पर बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो जगहों पर छोड़कर मंगलवार तक मौसम शुष्क रहेगा। यानी होली पर बारिश की संभावना कम है, लेकिन बादल आते-जाते रहेंगे। कुछ जगहों पर तेज हवा चलेगी।

वहीं बादल के कारण पटना व गया में दिन के तापमान में एक से दो डिग्री तक वृद्धि हुई। वहीं न्यूनतम यानी रात का तापमान एक डिग्री तक गिरा है। रात के तापमान में एक-दो दिनों में दो डिग्री तक गिरावट आएगी। रविवार शाम तक सबसे अधिक बारिश फारबिसगंज में हुई। यहां 44.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं पूर्णिया में 16.7 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा वैशाली, कमतौल (वैशाली जिला), साहेबगंज व छपरा के दरौली में भी बारिश हुई। बारिश के बावजूद पूर्णिया में दिन के तापमान में बहुत बदलाव नहीं आया। शनिवार को यहां का तापमान 28.4 डिग्री था, जबकि रविवार को तापमान 27.8 डिग्री तक रहा। 

नमी युक्त तेज हवा चलने से महसूस हो रही ठंड
पूरे बिहार में दिन के समय बादल रहने, तेज हवा चलने और हवा में नमी की मात्रा 70 से 90 फीसदी तक होने के कारण तापमान बहुत न गिरने के बावजूद ठंड का एहसास हो रहा है। पटना में रविवार को दिन में 11 किलोमीटर, जबकि भागलपुर में लगभग 25 किमी की रफ्तार से हवा चली। 

बादल छाने के ये हैं कारण 
पाकिस्तान होते हुए पश्चिमी राजस्थान में निम्न हवा का क्षेत्र बना हुआ है, जो उत्तर प्रदेश, बिहार होते हुए बांग्लादेश के ऊपर से गुजर रहा है, जिसके कारण बिहार के विभिन्न हिस्सों में बादल छाये रह रहे हैं। इसके अलावा उधर से आने वाली हवा अपने साथ नमी ला रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें