Bihar Weather: बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड से कब मिलेगी राहत? मौसम विभाग से आया नया अपडेट
बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग की माने तो 20 जनवरी तक कंपकंपाने वाली ठंड से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलने वाली है। मंगलवार को 12 जिले भीषण शीत दिवस की चपेट में रहे।

बिहार में 20 जनवरी तक लोगों को ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं है। मंगलवार को राज्य के अधिकतर शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रही। प्रदेश के अधिकतर शहरों में बर्फीली पछुआ हवा चलने के कारण लोगों को हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान कम रहने और पूर्वी हवाओं का मिलन होने के कारण प्रदेश के अधिकतर शहरों में बुधवार को बहुत देर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राज्य के 12 जिले भीषण शीत दिवस और शीत दिवस की चपेट में रहे। वहीं पटना सहित 22 शहरों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि और 9 शहरों में गिरावट दर्ज की गई। लेकिन राजधानी पटना में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही।
बिहार का सबसे ठंडा शहर 5.2 डिग्री सेल्सियस के साथ गया रहा। सुबह के समय पूर्णिया और गया में बहुत घना कुहासा और पटना सहित प्रदेश के अधिकतर शहरों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। वहीं पटना सहित 28 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट और 3 में वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस नवादा में रिकॉर्ड किया गया।
ये शहर रहे भीषण शीत दिवस की चपेट में
मंगलवार को प्रदेश के 12 शहर भीषण शीत दिवस और शीत दिवस की चपेट में रहे। इनमें दरभंगा, फारबिसगंज, मोतिहारी, गोपालगंज, बक्सर, अगवानपुर, पूसा और जीरादेई शामिल हैं जबकि गया, सबौर, औरंगाबाद व कैमूर शीत दिवस की चपेट में रहे।
बांका के न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि
मंगलवार को बांका जिला के न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 4.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। वहीं पटना के न्यूनतम तापमान में 2.7 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। प्रदेश के बाल्मीकि नगर, बक्सर, डेहरी, कैमूर, औरंगाबाद, गया, पूसा, छपरा और फारबिसगंज के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।
कुछ शहरों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 जनवरी को प्रदेश के कुछ शहरों में हल्की बारिश होने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। 17 जनवरी को दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ शहरों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। वहीं 18 जनवरी को उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
अधिकतर शहरों में बहुत देर तक छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है। इसके साथ ही निम्न क्षोभ मंडल में पूर्वी हवाओं का प्रवाह देखा जा रहा है। प्रदेश के अधिकतर शहरों में पिछले चार-पांच दिनों से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे है। इस कारण तापमान में कमी और पूर्वी हवा का मिलन होने से प्रदेश के अधिकतर शहरों में बुधवार को लंबे समय तक घना कोहरा छाया रह सकता है।
पटना में अधिकतम तापमान गिरने से कनकनी बढ़ी
पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान में कमी आने के कारण शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही। दिन में धूप नहीं निकलने के कारण लोगों को कनकनी का एहसास हो रहा था। मौसम विभाग के अनुसार पटना के अधिकतम में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इसी कारण दिन में लोगों को हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड का एहसास हो रहा था। कड़ाके की ठंड पड़ने के कारण कई जगहों पर दुकान के आगे लोग अलाव जलाए हुए थे। जहां आसपास के दुकानदारों के साथ ही कई राजगीर भी जमा थे। मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

