ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारबिहार के मंत्री ने रिया चक्रवर्ती को बताया 'विषकन्या', कहा- सुशांत की 'हत्या' के पीछे बड़ा गैंग

बिहार के मंत्री ने रिया चक्रवर्ती को बताया 'विषकन्या', कहा- सुशांत की 'हत्या' के पीछे बड़ा गैंग

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या मामले में पटना में दर्ज एक एफआईआर के बाद बिहार पुलिस की टीम मुंबई पहुंची है। दूसरी तरफ बिहार में इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजियों का दौर तेज हो गया है।...

बिहार के मंत्री ने रिया चक्रवर्ती को बताया 'विषकन्या', कहा- सुशांत की 'हत्या' के पीछे बड़ा गैंग
हिन्दुस्तान,पटनाFri, 31 Jul 2020 06:19 PM
ऐप पर पढ़ें

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या मामले में पटना में दर्ज एक एफआईआर के बाद बिहार पुलिस की टीम मुंबई पहुंची है। दूसरी तरफ बिहार में इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजियों का दौर तेज हो गया है। पहले राज्य के डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने मुंबई पुलिस पर बिहार पुलिस का सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। अब बिहार सरकार में मंत्री और जेडीयू नेता महेश्वर हजारी ने रिया चक्रवर्ती पर निशाना साधते हुए उन्हें 'विषकन्या' करार दिया है। हजारी ने कहा कि सुशांत की 'हत्या' के पीछे एक 'बड़े गैंग' का हाथ है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हजारी ने कहा, 'सुशांत सिंह राजपूत की हत्या के पीछे एक बड़ा गिरोह है। इससे पहले भी काम के लिए मुंबई गए प्रतिभाशाली लोगों को मार दिया गया था। इस गिरोह ने रिया चक्रवर्ती का इस्तेमाल किया। उसने (रिया) सुशांत सिंह राजपूत को प्रेम में फंसाया और उसके पैसे ट्रांसफर करवा लिए। बाद में उसने भूत-प्रेत का नाटक शुरू कर किया और एक 'विषकन्या' की भूमिका निभाई। रिया ने सुशांत के प्रतिभा को नुकसान पहुंचाया और प्यार को भी बदनाम कर दिया।'

'सुशांत के परिवार और फैंस को न्याय मिलना चाहिए'

हजारी ने कहा, 'बिहार सरकार चाहती है कि सुशांत की मौत के पीछे काम करने वाले गिरोह के हर सदस्य का नाम सामने आए। सुशांत के परिवार और उनके फैंस को न्याय मिलना चाहिए। मैं सीबीआई जांच के लिए भी निवेदन करता हूं। बिहार सरकार पटना में दर्ज एफआईआर में भी जांच सुनिश्चित करेगी और आरोपी को गिरफ्तार करेगी।'

डिप्टी सीएम ने लगाए मुंबई पुलिस पर आरोप

इससे पहले बिहार के डिप्टी सीएम और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मुंबई पुलिस सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले की बिहार पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच में रुकावट डाल रही है। बीजेपी को लगता है कि इस मामले की जांच अब सीबीआई को सौंपी जाए। सुशील मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट किया, 'मुंबई पुलिस सुशांत की मौत मामले में बिहार पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच करने  के रास्ते में रुकावट डाल रही है। बिहार पुलिस अपना सर्वश्रेष्ठ कर रही है लेकिन मुंबई पुलिस से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। बीजेपी को लगता है कि इस मामले को अब सीबीआई को सौंप देना चाहिए।'

पासवान ने भी की सीबीआई जांच की वकालत

दूसरी तरफ, केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान ने भी इस मामले को सीबीआई को सौंपने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि दो राज्यों के बीच टकराव की स्थिति है, लेकिन अभी तक महाराष्ट्र में कोई एफआईआर दर्ज नहीं किया गया है। चिराग पासवान ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से इस मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर बातचीत भी की थी। सभी राजनीतिक दल सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। इस केस को अब सीबीआई को सौंप देना चाहिए।

महाराष्ट्र सरकार का सीबीआई जांच से इनकार

मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की लगातार मांग उठ रही है। हालांकि महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने से बार-बार इनकार किया है। उनका कहना है कि मुंबई पुलिस इस मामले की जांच के लिए सक्षम है और सीबीआई को केस सौंपने की जरूरत नहीं है।

सुशांत मामले की जांच सीबीआई से कराने को लेकर पूछे गए एक सवाल पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जयंत पाटिल ने शुक्रवार को कहा कि मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर जांच करती है। हम उम्मीद करते हैं कि जल्द ही जांच पूरा होगा और हम किसी निष्कर्ष पर पहुंचेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें