ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारबिहार में बिना वैक्सीनेशन के शादी नहीं कर रहे दूल्हा-दुल्हन! बायोडाटा में दे रहे टीकाकरण की जानकारी, जानें पूरा मामला

बिहार में बिना वैक्सीनेशन के शादी नहीं कर रहे दूल्हा-दुल्हन! बायोडाटा में दे रहे टीकाकरण की जानकारी, जानें पूरा मामला

कोरोना महामारी के बीच बिहार में लड़का और लड़की पक्ष के लोग एक दूसरे से महत्वपूर्ण जानकारी मांग रहे हैं। साथ ही शादी के लिए बनाए गए बायोडाटा में भी इसका जिक्र कर रहे हैं। दरअसल कोरोना वैक्सीन को लेकर...

बिहार में बिना वैक्सीनेशन के शादी नहीं कर रहे दूल्हा-दुल्हन! बायोडाटा में दे रहे टीकाकरण की जानकारी, जानें पूरा मामला
पटना। वरीय संवाददाताFri, 11 Jun 2021 03:31 PM
ऐप पर पढ़ें

कोरोना महामारी के बीच बिहार में लड़का और लड़की पक्ष के लोग एक दूसरे से महत्वपूर्ण जानकारी मांग रहे हैं। साथ ही शादी के लिए बनाए गए बायोडाटा में भी इसका जिक्र कर रहे हैं। दरअसल कोरोना वैक्सीन को लेकर कई तरह की भ्रांतियां फैली हैं। इसको लेकर वर और वधु के पक्ष भी अब जागरूक हुए हैं साथ ही लोगों को भी इसको लेकर जागरूक करने में जुटे हैं। कुछ लोग शादी के लिए छपवाए कार्ड पर ही कोरोना वैक्सीन को लेकर जानकारी छपवा रहे हैं।अनिल कुमार (बदला हुआ नाम) ने अपने विवाह का बायोडाटा बनवाया है। इसमें पारिवारिक व शैक्षणिक जानकारी के अलावा कोवैक्सीन (कोरोना टीका) की भी जानकारी डाली गई है। ऐसा ही कुछ अभिमन्यु सिन्हा (बदला हुआ नाम) ने अपने बायोडाटा में किया है। अभिमन्यु सिन्हा ने बायोडाटा में कोविशील्ड के दोनों डोज लेने की जानकारी दी है। संक्रमण से बचने के लिए कम से कम लोगों के बीच शादियां हो रही थी। लेकिन अब वैवाहिक जीवन की शुरुआत से ही लोगों ने संक्रमण से बचाव के उपाय करने शुरू कर दिये हैं। वर और वधु पक्ष वाले कई युवा और युवतियां संक्रमण से सुरक्षित रहने की जानकारी एक दूसरे को दे रहे हैं।

अखबार में विज्ञापन से लेकर मेट्रोमोनियल साइट पर दे रहे जानकारी
कोरोना संक्रमण से बचे रहे, इसके लिए शादी ब्याह में भी लोग रिस्क नहीं लेना चाहते हैं। अखबार में विज्ञापन के माध्यम से लोग टीका लेने की जानकारी दे रहे हैं। चार लाइन के विज्ञापन में सबसे पहली जानकारी टीके की ही दी जा रही है। वहीं मेट्रोमोनियल साइट पर भी बायोडाटा में टीका को शामिल किया जा रहा है।

टीके को बढ़ावा देने के लिए यह प्रयास
अपने विवाह के लिए बायोडेटा बनवाने वाले राजेश कुमार ने बताया कि मैंने कोवैक्सीन की दोनों डोज ली है। इसकी जानकारी भी मैंने अपने बायोडाटा में डाला है। इसके अलावा मैंने लड़की वालों से भी टीके की जानकारी मांगी है। इससे लोग टीका लगवाने के लिए मोटिवेट होंगे। वहीं राधिका सिंह ने बताया कि जब लड़के के बायोडाटा में मैंने टीके की जानकारी देखी तो मैंने भी अपने बायोडाटा में उसे शामिल किया।

ब्राह्मण विवाह मंच के कोआर्डिनेटर विजय गुंजन ने बताया, हमलोगों का एक विवाह मंच है। इसमें लोगों का बायोडेटा लिया जाता है। लोग ठगे ना जाएं, इसके लिए बिहार के लोग जो बाहर रहते हैं और वर वधु खोज रहे हैं, उनके लिए इसे बनाया गया है। इसमें कई युवा अपने बायोडेटा पर कोरोना टीकाकरण की जानकारी दे रहे हैं। यह एक अच्छी पहल है।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें