एसटीएफ ने कुख्यात बमबम यादव को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी दिल्ली के साउथ कैंपस स्थित एक हॉस्टल से हुई है। बक्सर के टॉप अपराधियों में शामिल बमबम पर रंगदारी और हत्या के मामले दर्ज हैं। दिसम्बर में ही उसने पूर्व मुखिया के इकलौते पुत्र की बक्सर में हत्या कर दी थी। इसके बाद वह फरार हो गया। एडीजी अभियान सुशील खोपड़े ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
बमबम यादव उर्फ अभिमन्यु बक्सर के पाण्डेय पट्टी स्थित मित्रलोक कॉलोनी का निवासी है। बीते वर्ष दिसम्बर में उसने बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में करहती पंचायत के पूर्व मुखिया के पुत्र की चुनावी रंजिश में हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली भाग गया था। बक्सर पुलिस ने बमबम की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ से सहयोग मांगा था। एसटीएफ ने उसकी टोह में लगी थी। इसी बीच दिल्ली के साउथ कैंपस स्थित एक हॉस्टल में उसके छुपे होने की खबर मिली। किसी परिचत ने उसे ठहरने की जगह मुहैया कराई थी। रविवार को एसटीएफ की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बमबम को बिहार लाया जा रहा है। उसे बक्सर पुलिस के सुपूर्द किया जाएगा। उसपर हत्या की इस घटना के पूर्व भी कई मामले दर्ज हुए हैं। पूछताछ में अन्य घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।