ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारबिहार चुनाव 2020 : चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल बोले- एनडीए एकजुट, तीन चौथाई से जीतेंगे दोबारा

बिहार चुनाव 2020 : चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल बोले- एनडीए एकजुट, तीन चौथाई से जीतेंगे दोबारा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और तीन चौथाई बहुमत से दोबारा जीत कर जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। चुनाव आयोग द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव की अधिसूचना...

बिहार चुनाव 2020 : चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल बोले- एनडीए एकजुट, तीन चौथाई से जीतेंगे दोबारा
मुजफ्फरपुर। प्रमुख संवाददाताFri, 25 Sep 2020 05:16 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और तीन चौथाई बहुमत से दोबारा जीत कर जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। चुनाव आयोग द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी करने के तुरंत बाद प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को यहां प्रेस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सोशल डिस्टेंस के साथ सुरक्षित मतदान की व्यवस्था पर आयोग को साधुवाद दिया। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सभी सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा। सीटों के बंटवारे के संबंध में पूछे जाने पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लगातार वार्ता चल रही है। शीघ्र की निष्कर्ष निकलेगा।
गठबंधन में सब जुड़वा भाई
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गठबंधन में कोई बड़ा या छोटा भाई नहीं होता है। सब जुड़वा भाई होते हैं। सभी दलें को उचित हिस्सेदारी मिलेगी। भाजपा सभी सीटों पर जीत के लिए पूर्णत: जिम्मेवार होगी।
लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान के बयान की चर्चा करने पर उन्होंने कहा कि जब तक गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर निर्णय नहीं होता है, अपनी बातें रखने के लिए सभी दल स्वतंत्र हैं। रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की एनडीए में वापसी की अटकलबाजी के संबंध में पूछने पर उन्होंने कहा कि उनकी उपेंद्र कुशवाहा से कोई बात नहीं हुई है, इसलिए कोई टिप्पणी नहीं कर सकते हैं। रालोसपा  लोकसभा चुनाव से पहले तक एनडीए में ही थी। बाद में महागठबंधन में चली गई। दूर के ढोल सुहाने होते हैं। किसी के स्वभाव का पता करीब जाने से चलता है। कांग्रेस और राजद में खास परिवार की गुलामी स्वीकार करनी पड़ती है।
कारगर होगा वर्चुअल टाउन हॉल
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्चुअल बैठक की तर्ज पर इस बार चुनाव में छपरा समेत राज्य के छह शहरों में वर्चुअल टाउन का आयोजन होगा। यह एक नया प्रयोग होगा। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस 28 सितंबर को छपरा से वर्चअुल टाउन को संबोधित करेंगे। राज्य के जिन छह शहरों में कार्यक्रम का प्रसारण होगा, वहां मौजूद कोई भी आदमी देवेंद्र फडणवीस से सीधा सवाल कर सकेगा।  इसके अलावा मैदानों में रैली की भी स्वीकृति मिली है, जिसमें उस मैदान की निर्धारित क्षमता की एक चौथाई संख्या में श्रोताओं को शामिल करने की अनुमति मिलेगी।
नहीं होगी परेशानी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आयोग ने जिस तरह से चुनाव की व्यवस्था की है, उसमें किसी वोटर को परेशानी नहीं होगी। मरीज को भी सहजता से मतदान का मौका दिया जाएगा। बूथों की संख्या बढ़ाकर और जरूरत के अनुसार मतदान का समय बढ़ाकर आयोग ने अच्छी पहल की है। मास्क, सेनेटाइजर और सोशल डिस्टेंस के मापदंडों का पालन करने से कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा नहीं रहेगा। प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ. रागिनी रानी भी मौजूद थीं।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें