बिहार के बांका जिले में हथियार से लैस करीब आधा दर्जन लुटेरों ने शनिवार की देर रात रजौन बाजार स्थित स्वर्ण व्यवसायी विमल पोद्दार के घर पर धावा बोलकर भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया है। बेखौफ डकैतों ने स्वर्ण व्यवसायी के अलावे उसकी पत्नी गीता देवी व पुत्री रेणु देवी को बंधक बनाकर बुरी तरह पिटाई भी कर दी। जख्मी विमल पोद्दार का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है।
डकैती की इस घटना में भारी मात्रा में जेवर जेवरात सहित करीब तीस लाख से भी ज्यादा की संपत्ति लूटने की पुष्टि पीड़ित एवं उसके पुत्रों ने की है। इधर इस घटना के बाद रविवार दोपहर बांका के एसडीपीओ दिनेश चंद्र श्रीवास्तव, रजौन थानाध्यक्ष बुद्धदेव पासवान, एएसआई संजय सुमन के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी ली है। घटना के बाद पुलिस एस्क्वायड डॉग की मदद से अपराधियों तक पहुंचने के लिए कोशिश कर रही है, लेकिन पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
रजौन के नवटोलिया सड़क मार्ग स्थित स्वर्ण व्यवसायी विमल पोद्दार अपनी पत्नी व पुत्री के साथ घर पर थे। शनिवार की रात घर के पीछे से रस्सी के सहारे हथियार लैस करीब छह बदमाश पहले छत पर चढ़े और सीढ़ी के सहारे नीचे उतर आए। स्वर्ण व्यवसायी की पत्नी गीता देवी व पुत्री रेणु देवी ने बताया कि विरोध करने पर हथियार से लैस अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर सभी को रस्सी से बांध दिया और बुरी तरह पिटाई भी कर दी।
अपराधियों ने करीब 10 लाख नगद के अलावे लाखों रुपए मूल्य के जेवरात भी लूट लिए। बताया जा रहा है कि स्वर्ण व्यवसायी कई लोगों का बंधक के रूप में भी जेवर जेवरात रखता था। विमल पोद्दार का रजौन बाजार में तीन जगह दुकान भी है। मूल रूप से अमरपुर के बेरमा गांव का रहने वाला विमल दो दशक से रजौन में ही रहकर व्यवसाय करता है। विमल को 5 पुत्र हैं और पांचों पुत्र अलग-अलग रहते हैं। विमल के पुत्र पंकज कुमार व हरी किशोर प्रसाद के अनुसार नगद व जेवर जेवरात सहित करीब 50 लाख की लूट हुई है। सूत्रों का कहना है कि उनकी संपत्ति से पुत्रों को कोई लेना-देना नहीं था। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।