ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारपटना में 15 जगहों पर बिका 35 रुपए किलो प्याज, बिस्कोमान ने खोले 15 काउंटर, मार्केट रेट 70 रुपये

पटना में 15 जगहों पर बिका 35 रुपए किलो प्याज, बिस्कोमान ने खोले 15 काउंटर, मार्केट रेट 70 रुपये

राजधानी पटना में शुक्रवार से सस्ते प्याज की बिक्री शुरू हो गई है। बिस्कोमान प्रशासन की ओर से 35 रुपये प्रति किलो प्याज बेची गई। सस्ते प्याज खरीदने के लिए बिक्री केंद्रों पर लंबी कतार रही। बिस्कोमान...

पटना में 15 जगहों पर बिका 35 रुपए किलो प्याज, बिस्कोमान ने खोले 15 काउंटर, मार्केट रेट 70 रुपये
पटना हिन्दुस्तान टीमFri, 22 Nov 2019 07:48 PM
ऐप पर पढ़ें

राजधानी पटना में शुक्रवार से सस्ते प्याज की बिक्री शुरू हो गई है। बिस्कोमान प्रशासन की ओर से 35 रुपये प्रति किलो प्याज बेची गई। सस्ते प्याज खरीदने के लिए बिक्री केंद्रों पर लंबी कतार रही। बिस्कोमान भवन के अलावा राजधानी में शुक्रवार को नगर निगम के आठ वार्डों में बने काउंटर पर बिक्री हुई। इसके अलावा सचिवालय के सामने पांच मोबाइल वैन से सस्ते प्याज की बिक्री की गई। शुक्रवार को रसीद और डिलीवरी काउंटर पर सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक प्याज की बिक्री हुई। प्याज की गाड़ियां चंद घंटे में ही खत्म हो गई। पहले दिन 52 हजार लोगों को प्याज मिली। बिस्कोमान के पास चार ट्रक में मौजूद कुछेक बोरा छोड़कर बाकी प्याज पहले दिन ही खत्म हो गए। उधर, प्याज पाने वाली गुरहट्टा की टिंकी सिंह ने बताया कि अब किचेन का बोझ कम होगा। 

एक व्यक्ति को दो किलो प्याज
प्याज के लिए लोगों ने पहले रसीद काउंटर पर मोबाइल नंबर बताकर टोकन लिया। इसके बाद डिलीवरी काउंटर से प्रत्येक व्यक्ति को दो किलो प्याज दी गई। रसीद काटने के लिए 10 और डिलीवरी के लिए 15 काउंटर बने हैं। 

वार्डों में यहां बिकी प्याज
बिस्कोमान के अलावा वार्ड संख्या 7 में बहादुरपुर मेन गेट, वार्ड 48 में सुल्तानगंज थाना के सामने, वार्ड 10 में अनीसाबाद, वार्ड 38 में बाकरगंज स्थित गुलाबबाग मार्केट, वार्ड 64 में लोदी कटरा मंगल तालाब के पास, वार्ड 58 में महापौर सीता साहू के आवास के पास, वार्ड 52 और 53 में पूर्व महापौर अफजल इमाम के आवास के पास प्याज बेची गई। 

प्याज के लिए दिखी मारामारी
सस्ते प्याज के लिए लोगों की काफी भीड़ हुई, वहीं कई जगह हंगामा भी हुआ। सगुना मोड़, सचिवालय के पास और बिस्कोमान के पास सस्ते प्याज के लिए लोगों में मारामारी दिखी। प्याज के लिए पहले रसीद कटाने के लिए कई बार हंगामा भी हुआ। वहां मौजूद पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया। 

सुबह नौ बजे से कटेगी रसीद
शनिवार से बिस्कोमान के काउंटर पर सुबह नौ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक रसीद कटेगी। वहीं, सात बजे तक ही डिलीवरी होगी। रविवार से बिस्कोमान में कुल 35 काउंटर शुरू होंगे।  

पटना के 20 वार्ड समेत दूसरे जिलों में भी बिकेगा प्याज
बिस्कोमान के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पहले दिन बिस्कोमान भवन के अलावा आठ वार्डों में सस्ती प्याज बेची गई। निगम के पार्षद की पहल पर राजधानी के 20 वार्ड में प्याज की बिक्री शुरू करने की योजना है। नगर निगम के वार्ड संख्या एक, चार, सात, 47, 48, 51, 57, 56, 70, 68, 53, 28, 10, 38, 52, 53, 58, 64, 38 और पांच में प्याज की बिक्री होगी। 

शुक्रवार तक राजस्थान के अलवर से चार ट्रक प्याज मंगाए हैं। रोजाना दो ट्रक प्याज की लोडिंग शुरू है। जब तक प्याज की कीमतें घटकर 50 रुपए से कम नहीं हो जाती, बिक्री जारी रखेंगे। 
- डॉ. सुनील कुमार सिंह, अध्यक्ष, बिस्कोमान।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें