मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में डॉक्टरों की बहाली के नियम में बदलाव को मंजूरी दे दी गई। मेडिकल की पढ़ाई के दौरान प्राप्त अंकों के आधार पर डॉक्टरों का चयन किया जाएगा। साथ ही डॉक्टरों की बहाली अब तकनीकी चयन आयोग के जरिये होगी।
सूत्रों के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग की नियमावली को कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब डॉक्टरों की बहाली प्रक्रिया पूरी तरह बदल जाएगी। डॉक्टरों को अब साक्षात्कार नहीं देना होगा। अंक के आधार पर राज्य सरकार के अधीन उनकी नियुक्ति होगी। कुछ राज्यों में तकनीकी चयन आयोग के जरियेडॉक्टरों की बहाली पहले से होती रही है। इस फैसले का बिहार राज्य स्वास्थ्य सेवा संघ और आईएमए की बिहार शाखा ने स्वागत किया है। भासा के महासचिव डॉ. रंजीत कुमार ने सीएम समेत पूरी कैबिनेट को धन्यवाद दिया है।