ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारभागलपुर में यात्रियों से भरी नाव कैसे पलटी? जिलाधिकारी ने बताई यह वजह

भागलपुर में यात्रियों से भरी नाव कैसे पलटी? जिलाधिकारी ने बताई यह वजह

बिहार के भागलपुर के नवगछिया में गंगा नदी में गुरुवार की सुबह यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई जबकि कई लापता हो गए। हादसे के बाद नदी से सुरक्षित बचाए गए लोगों को...

भागलपुर में यात्रियों से भरी नाव कैसे पलटी?  जिलाधिकारी ने बताई यह वजह
हिन्‍दुस्‍तान टीम ,भागलपुर Thu, 05 Nov 2020 02:07 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार के भागलपुर के नवगछिया में गंगा नदी में गुरुवार की सुबह यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई जबकि कई लापता हो गए। हादसे के बाद नदी से सुरक्षित बचाए गए लोगों को गोपालगंज के सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। यह दुर्घटना कब और कैसे हुई? कितने लोगों को अब तक सुरक्षित निकाला गया गया और ताजा स्थिति क्‍या है?  इस बारे में भागलपुर के डीएम प्रणव कुमार ने मीडियाकर्मियों से बात की। 

डीएम ने बताया कि गंगा नदी की दूसरी ओर बने खेतों पर जाते समय घाट पर नाव को धक्का देने की कार्रवाई के दौरान नाव डूबी है। 7 लोग लापता हैं। 9 लोगों को बाहर निकाला गया है जिनमें से एक की मृत्यु हो गई है। SDRF सर्च और बचाव अभियान में जुटी हुई है।

 

गंगा नदी में लापता लोगों की तलाश का काम अब भी जारी है। प्रत्‍यक्षदर्शियों का कहना है कि करीब 100 लोग नाव पर सवार हो गंगा पार दियारा के खेत में मकई की बुआई के लिए जा रहे थे। नाव पर कई महिलाएं और बच्‍चे भी सवार थे। लोगों ने इस पर साइकलें, बाइकें, बीज, खाद आदि भी लाद लिया था। कुछ ग्‍वाले भी नाव पर सवार थे। गुल्लर घाट से दर्शन मंडल की नाव खुली और धक्‍का देने के बाद कुछ दूर जाकर भंवर में डूब गई। लोगों ने नदी से  चांदनी देवी, सुलेमा देवी, खैरा देवी, रानी देवी, प्रमिला, शर्मिला देवी, प्रेमलता देवी, इंदिरा कुमारी और मनीषा कुमारी सहित कई लोगों को नदी से बाहर निकाला।

नदी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई थी। लोगों ने उनके शव को भी बाहर निकाला। नदी से सुरक्षित निकाले गए लोगों को इलाज के लिए गोपालपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सूचना पाकर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। थोड़ी देर में डीएम प्रणव कुमार समेत जिले के अन्‍य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घटना के चलते गांव में कोहराम मचा हुआ है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें