ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारअरुण कुमार सिंह बने बिहार के नए मुख्य सचिव, आमिर सुबहानी विकास आयुक्त

अरुण कुमार सिंह बने बिहार के नए मुख्य सचिव, आमिर सुबहानी विकास आयुक्त

भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार सिंह बिहार के नए मुख्य सचिव बनाए गए हैं। वर्ष 1985 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी व विकास आयुक्त रहे अरुण कुमार सिंह को मुख्य सचिव बनाए जाने की...

अरुण कुमार सिंह बने बिहार के नए मुख्य सचिव, आमिर सुबहानी विकास आयुक्त
पटना, हिन्दुस्तान टीमSun, 28 Feb 2021 08:12 PM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार सिंह बिहार के नए मुख्य सचिव बनाए गए हैं। वर्ष 1985 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी व विकास आयुक्त रहे अरुण कुमार सिंह को मुख्य सचिव बनाए जाने की अधिसूचना रविवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी कर दी। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी राज्य के नए विकास आयुक्त होंगे। वह महानिदेशक, बिपार्ड के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। 

दीपक कुमार बने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव
मुख्य सचिव रहे दीपक कुमार को सेवानिवृति के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रधान सचिव बनाया गया है। 2 फरवरी, 2002 के आदेश के अलोक में सृजित पद पर उन्हें नियुक्त किया गया है। हालांकि उनकी नियुक्ति की शर्तें बाद में तय होंगी। वर्ष 1984 बैच के आईएएस अधिकारी रहे दीपक कुमार रविवार को सेवानिवृत हो गए। वह पिछले वर्ष ही फरवरी में सेवानिवृत होनेवाले थे पर उन्हें दो दफे 6-6 महीने का सेवा विस्तार दिया गया था।     

चैतन्य प्रसाद बने गृह विभाग के प्रधान सचिव
मुख्य सचिव और विकास आयुक्त के पद पर तैनाती के अलावा 6 अन्य आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद को गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। वह निबंधन, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के प्रधान सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। कला, संस्कृति एंव युवा विभाग के प्रधान सचिव रवि मनुभाई परमार का तबादला लघु जल संसाधन विभाग में किया गया है। अब कला, संस्कृति एवं युवा विभाग उनके पास अतिरिक्त प्रभार के तौर पर रहेगा। लघु जल संसाधन विभाग के सचिव संतोष कुमार मल्ल को सूचना प्रावैधिकी विभाग का सचिव बनाया गया है। वह पर्यटन विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।

दिवेश सेहरा का तबादला एससी-एसटी कल्याण विभाग में सचिव पद पर
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के सचिव प्रेम सिंह मीणा अब वित्त विभाग के सचिव होंगे। वित्त विभाग में रहे दिवेश सेहरा का तबादला अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग में सचिव के पद पर किया गया है। महादलित विकास मिशन के सीईओ और राज्य अनुसूचित जाति सहकारिता विकास निगम के प्रबंधनिदेशक का भी प्रभार उनके पास रहेगा। 

ऊर्जा सचिव संजीव हंस को जल संसाधन सचिव का अतिरिक्त प्रभार
वहीं ऊर्जा विभाग के सचिव संजीव हंस को जल संसाधन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। योजना एवं विकास विभाग में निदेशक, अर्थ एवं सांख्यिकी बैद्यनाथ यादव को योजना एवं विकास विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। 

संजय कुमार व चैतन्य प्रसाद मुख्य सचिव रैंक में प्रोन्नत
वर्ष 1990 बैच के आईएएस अधिकारी संजय कुमार और चैतन्य प्रसाद को शीर्ष वेतनमान (मुख्य सचिव रैंक) में प्रोन्नत किया गया है। इन अधिकारियों द्वारा धारित पद अब पद्भार ग्रहण करने की तारीख से अपर मुख्य सचिव के रुप में पदनामित हो जाएगा। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें