ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारआरा सेक्स कांड : पीड़िता ने बयान में लिया RJD विधायक का नाम

आरा सेक्स कांड : पीड़िता ने बयान में लिया RJD विधायक का नाम

भोजपुर व पटना के चर्चित सेक्स कांड में संदेश के राजद विधायक अरुण यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोर्ट में पीड़ित किशोरी के पुनर्बयान में विधायक का नाम आया है। किशोरी के बयान का कोर्ट से पुलिस को मिला...

आरा सेक्स कांड : पीड़िता ने बयान में लिया RJD विधायक का नाम
हिन्दुस्तान टीम, आरा।Wed, 11 Sep 2019 07:21 AM
ऐप पर पढ़ें

भोजपुर व पटना के चर्चित सेक्स कांड में संदेश के राजद विधायक अरुण यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोर्ट में पीड़ित किशोरी के पुनर्बयान में विधायक का नाम आया है। किशोरी के बयान का कोर्ट से पुलिस को मिला सीलबंद लिफाफा खुलने के बाद नया राज खुल गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार किशोरी के कोर्ट में दुबारा दर्ज कराए गए 164 के बयान में विधायक पर गंदा काम करने का आरोप लगाया गया है।

एक वरीय पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर इसकी पुष्टि की है। बयान में कहा गया है कि सेक्स रैकेट की संचालिका अनिता देवी उसे विधायक के पास ले जाती थी। पटना सचिवालय के पास स्थित विधायक आवास पर वह उसे पिछले दरवाजे से ले गई थी। इधर, सूत्रों की मानें तो विधायक का नाम आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो उठी है। विधायक की गिरफ्तारी की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। माना जा रहा कि पुलिस गिरफ्तारी का वारंट हासिल करने के लिए जल्द ही कोर्ट जाने वाली है।

मंगलवार को कोर्ट बंद रहने से बुधवार को पुलिस वारंट के लिए आवेदन दे सकती है। सेक्स कांड में नाम आने के बाद से ही विधायक का मोबाइल बंद व नॉट रिचेबल बता रहा है। वैसे एसपी सुशील कुमार कांड में विधायक का नाम आने के बारे में साफतौर पर कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं। 

बता दें कि आरा की एक नाबालिग से पटना में जबरन देह व्यापार का धंधा कराया जा रहा था। 18 जुलाई की रात पीड़िता के धंधेबाजों के चंगुल से भागने के बाद आरा पहुंचने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ था। बाद में किशोरी की निशानदेही पर उसी दिन अनिता देवी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। तब भी किशोरी ने देह व्यापार के लिए आरा के इंजीनियर व एक विधायक के पटना स्थित आवास पर भी जाने की बात कही थी। अनिता ने इस बात को सच बताया था।

इस मामले में जिस किसी का भी नाम आएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विधायक का भी नाम आया होगा, तो वारंट के लिए पुलिस कोर्ट जाएगी। - सुशील कुमार, एसपी, भोजपुर

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें