हथियार के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार, बंगाल चुनाव को प्रभावित करने की थी योजना

Mar 06, 2021 08:31 pm ISTAbhishek Tiwari हिन्दुस्तान, लखीसराय
share

लखीसराय पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने वाले छह अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से हथियार की भी बरामदगी हुई है। हथियारों को बंगाल ले जाया जा रहा था। इस बात की भी पुष्टि हुई...

हथियार के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार, बंगाल चुनाव को प्रभावित करने की थी योजना

लखीसराय पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने वाले छह अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से हथियार की भी बरामदगी हुई है। हथियारों को बंगाल ले जाया जा रहा था। इस बात की भी पुष्टि हुई है कि हथियारों को बंगाल चुनाव में उपयोग में लाया जाना था। इसी क्रम में पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई शुक्रवार की देर शाम की गई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

एसपी सुशील कुमार ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि ट्रेन से हथियार तस्कर हथियारों की खेप ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस को सूचना थी कि लखीसराय जिले से ही तस्कर बंगाल के लिए रवाना होने वाले हैं। इसी को लेकर मेदनीचौकी थानाध्यक्ष रूबिकांत कच्छप, कबैया ओपी प्रभारी राजीव कुमार और डीआइओ की टीम ने छापेमारी शुरू की। इसी दौरान लखीसराय स्टेशन के पुल के नीचे शहीद द्वार के पास दो बाइक पर छह लोगों को संदिग्ध स्थिति में देखा गया। पुलिस ने जब जांच-पड़ताल की तो पता चला कि वे लोग हथियार तस्कर हैं।

तस्करों के पास से आठ देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 64 पीस 315 बोर की गोली, छह पीस 7.65 बोर की गोली, दो बाइक, दो मोबाइल व तीन हजार के करीब रुपए बरामद किए गए हैं। इनमें से कुछ लोग हथियारों की तस्करी को लखीसराय जिले के किऊल स्टेशन से ही उपासना एक्सप्रेस से जाने वाले थे। नदिया जिले में हथियारों की स्पलाई करनी थी।

गिरफ्तार तस्करों में मुंगेर जिले के कासिमबाजार थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी शुभाष मंडल के पुत्र मिथिलेश कुमार, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कल्याणी थाना क्षेत्र के सगुना निवासी नवदीप सरकार के पुत्र अजीत सरकार, कल्याणी थाना क्षेत्र के ही आनंदननगर निवासी जुगेश मंडल के पुत्र सपन मंडल, लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवासी केदार महतो के पुत्र उदलेश कुमार, कैलाश महतो के पुत्र कांतिवीर, कैलाश महतो के पुत्र सोनू कुमार शामिल हैं।

पहली खेप की होनी थी डिलिवरी
एसपी ने बताया कि हथियार तस्करों ने सौ पीस देसी कट्टा व पिस्टल की डील की थी। अलग-अलग खेप में हथियारों को बंगाल ले जाने की योजना थी। हथियार निर्माण नहीं होने के कारण फिलहाल नौ कट्टा व पिस्टल ही पहुंचाने के लिए हथियार तस्कर निकले थे।

बरदह से लाए गए थे हथियार
मुंगेर के कासिमबाजार थाना क्षेत्र के बरदह से हथियार लाने की खबर है। बताया जा रहा है कि एक कट्टा पांच हजार और प्रत्येक गोली पांच सौ रुपए में तस्करी की जानी थी। यहां तक की हथियार को बंगाल चुनाव में उपयोग लाने की भी बातों को बंगाल के नदिया से आए तस्करों ने स्वीकार किया है। पुलिस की पूछताछ में तस्कर अजीत सरकार ने चुनाव में हथियार के उपयोग करने की बातों को स्पष्ट किया। खुद इसकी पुष्टि एसपी ने भी की है।

Abhishek Tiwari

लेखक के बारे में

Abhishek Tiwari

अभिषेक तिवारी

और पढ़ें