बिहार: भागलपुर, बांका और मधेपुरा में संदिग्ध हालत में 31 लोगों की मौत, जहरीली शराब पीने की आशंका, प्रशासन ने किया इनकार

Sneha Baluni हिन्दुस्तान टीम, भागलपुर
Follow us on Google News
share

बिहार के तीन जिलों में अलग-अलग जगहों पर 31 लोगों की मौत हो गई है। ऐसी चर्चा है कि होली के मौके पर शराब पीने की वजह से उनकी मौत हुई है। शनिवार और रविवार को संदिग्ध हालत में मौत हुई है। सभी में एक जैसे...

बिहार: भागलपुर, बांका और मधेपुरा में संदिग्ध हालत में 31 लोगों की मौत, जहरीली शराब पीने की आशंका, प्रशासन ने किया इनकार

बिहार के तीन जिलों में अलग-अलग जगहों पर 31 लोगों की मौत हो गई है। ऐसी चर्चा है कि होली के मौके पर शराब पीने की वजह से उनकी मौत हुई है। शनिवार और रविवार को संदिग्ध हालत में मौत हुई है। सभी में एक जैसे लक्षण उल्टी, दस्त और पेट दर्द पाए गए। मृतकों में 17 भागलपुर जिले के, 12 बांका जिले के और दो मधेपुरा जिले के हैं। बीमार चल रहे कुछ लोगों की आंख की रोशनी भी कम हो गयी है। भागलपुर में दो मृतकों के परिजनों ने बताया कि शराब पीने के बाद मौत हुई है। हालांकि, प्रशासन इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। भागलपुर शहरी क्षेत्र के साहेबगंज में गुस्साए लोगों ने रविवार सुबह हंगामा किया और चार घंटे तक सड़क को जाम रखा।

भागलपुर में होली के मौके पर शराब पीने से सभी की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। इस बीच डीएम और एसएसपी ने रविवार शाम विश्वविद्यालय थाना पहुंचकर घटना की जानकारी ली। भागलपुर शहरी क्षेत्र में पांच लोगों के अलावा, नारायणपुर में चार, गोराडीह में तीन, कजरैली में तीन, नवगछिया के परबत्ता में एक और शाहकुंड में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतकों में रेलकर्मी और पूर्व सैनिक भी शामिल हैं।

बांका के एक ही प्रखंड में 12 मौतें

बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के अलग-अलग गांवों में रविवार को संदिग्ध अवस्था में 12 लोगों की मौत हो गई। एसडीपीओ दिनेश चंद्र श्रीवास्तव व एसडीएम डॉ. प्रीति ने गांवों में जाकर घटना की जानकारी ली। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात को सभी लोग पेट दर्द, उल्टी होने व आंखों की रोशनी चले जाने की शिकायत कर रहे थे। स्थिति गंभीर देख परिजनों ने रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ मरीजों को भागलपुर लाया गया। रविवार दोपहर बाद तक 12 लोगों की मौत हो गई। आधा दर्जन से अधिक का अब भी इलाज चल रहा है। चर्चा रही कि होली पर शराब पीने से ही सभी की मौत हुई है।

भागलपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन ने कहा, 'मौत के कारणों का पता लगाने के लिए दो शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। कई परिवारवालों ने बीमारी से मौत की बात लिखकर दी है। अन्य परिवारों से संपर्क किया जा रहा है। शराब का धंधा करने वालों के विरुद्ध छापेमारी की जा रही है।'

बांका के एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा, 'अमरपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में कुछ लोगों की संदिग्ध स्थिति में मौत हुई है। जांच के लिए एसडीपीओ को भेजा गया है। मौत किस कारण से हुई, इसकी जांच चल रही है। मामला अलग-अलग गांवों का है, इसलिए गहनता से जांच करायी जा रही है।'

भागलपुर में छापे कई हिरासत में

भागलपुर में पुलिस ने कई इलाकों में शराब को लेकर छापेमारी शुरू कर दी है। कई लोगों को हिरासत लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। इससे पहले भागलपुर के साहेबगंज में सुबह सात बजे मृतकों के परिजन मुआवजा तथा शराब के धंधे से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क पर बैठ गए। चार घंटे बाद पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारियों के समझाने के बाद लोग सड़क से हटे।

मधेपुरा: लोजपा प्रखंड अध्यक्ष की भी जान गई

मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव में शुक्रवार और शनिवार को दो लोगों की मौत हो गयी। मरने वालों में दिग्घी वार्ड दो के नागेंद्र सिंह के पुत्र पुराकी सिंह (32) और लोजपा प्रखंड अध्यक्ष नीरज निशांत सिंह बौआ शामिल हैं। मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है, लेकिन चर्चा है कि दोनों की मौत जहरीली शराब पीने की वजह से हुई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Sneha Baluni

लेखक के बारे में

Sneha Baluni
पत्रकारिता का करीब एक दशक का अनुभव। दिल्ली यूनिवर्सिटी, भारतीय जनसंचार संस्थान और गुरु जम्बेश्वर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई। दिल्ली-एनसीआर से जुड़ी खबरों पर विशेष नजर। समय मिलने पर बैंडमिंटन खेलना, प्रकृति की सैर पसंद है। लाइव हिन्दुस्तान से पहले लाइव इंडिया, जनसत्ता, अमर उजाला में अलग-अलग भूमिकाओं में काम करने का मौका मिला। एनजीओ में भी काम का अनुभव। स्नेहा मूलरूप से उत्तराखंड के कोटद्वार जिले की रहने वाली हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।