ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहारपुलिस का दावा, पंचवटी से लूटा गया सवा 3 किलो सोना बरामद

पुलिस का दावा, पंचवटी से लूटा गया सवा 3 किलो सोना बरामद

आशियानी-दीघा रोड के पंचवटी रत्नालय में हुई डकैती का मास्टरमाइंड रवि गुप्ता के साथ उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अपराधियों की निशानदेही पर सवा तीन किलो सोना अबतक बरामद कर लिया...

पुलिस का दावा, पंचवटी से लूटा गया सवा 3 किलो सोना बरामद
पटना हिन्दुस्तान टीमMon, 01 Jul 2019 07:10 PM
ऐप पर पढ़ें

आशियानी-दीघा रोड के पंचवटी रत्नालय में हुई डकैती का मास्टरमाइंड रवि गुप्ता के साथ उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अपराधियों की निशानदेही पर सवा तीन किलो सोना अबतक बरामद कर लिया है। सवा किलो चांदी के आभूषण और तीन सौ ग्राम कीमती रत्न भी मिले हैं। पुलिस का दावा है कि उसने डकैती कांड का खुलासा कर लिया है। इसमें शामिल बाकी अपराधियों की गिरफ्तार के लिए छापेमारी जारी है। 

डीआईजी सेंट्रल रेंज राजेश कुमार और एसएसपी गरिमा मलिक की मौजूदगी में संवाददाता सम्मेलन के दौरान एडीजी मुख्यालय जितेन्द्र कुमार ने कहा कि 21 जून को पंचवटी रत्नालय में दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। अपराधी 4-5 करोड़ के जेवर और 13 लाख नगद लूटकर भागे थे। इस घटना को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए डीआईजी और एसएसपी ने विशेष टीम का गठन किया। अपराधियों का हुलिया और कई बिंदुओं पर अनुसंधान के बाद गिरोह की पहचान हुई। इसमें डकैती के पहले और बाद में अपराधियों की गतिविधियों से भी उनकी संलिप्तता के प्रमाण मिले। पुलिस के मुताबिक अबतक इस वारदात में दस अपराधियों के नाम सामने आए हैं।  

कुर्जी बालू पर हुए थे इक्ट्ठा
पुलिस के मुताबिक आलमगंज निवासी रवि गुप्ता उर्फ पेशेंट, उर्फ नेताजी, उर्फ मास्टरजी (सादिकपुर मधुआटोली, आलमगंज) इस डकैती कांड का मास्टरमाइंड है। उसके साथ विकास कुमार माली (गायघाट, आलमगंज) और सिपु कुमार (दहियावां, सारण, वर्तमान में विकास नगर, दीघा) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि डकैती में शामिल अपराधी कुर्जी बालू पर आनेवाले हैं। छापेमारी में रवि, विकास और सिपु दबोचे गए जबकि बाकी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। पूछताछ के बाद इनकी निशानदेही पर पंचवटी से लूटे गए आभूषण के अलावा डकैती में इस्तेमाल बाइक और बैग भी बरामद किया है। बरामद आभूषण की कीमत 1.10 करोड़ के करीब है। अपराधियों के पास से तीन पिस्टल और सात कारतूस भी मिले हैं। एडीजी ने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान परेड कराई जाएगी। वहीं डकैती कांड के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी उन्होंने की। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें