भरत तिवारी को गोली मारने वाला STF जवान अक्षय गिरफ्तार; एनकाउंटर केस में एक्शन
भरत तिवारी पर गोली चलाने वाले स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ)के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। भोजपुर के एसपी राज ने एनकाउंटर केस में सिपाही को अरेस्ट करने की पुष्टि की है।

Bharat Tiwari Encounter: बिहार में सबसे चर्चित पुलिस एनकाउंटर भरत तिवारी मामले से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। भरत तिवारी पर गोली चलाने वाले स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ)के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी राज ने इसकी पुष्टि की है। इस मामले में भरत तिवारी के परिजनों की ओर से दर्ज प्राथमिकी में जगदीशपुर के तत्कालीन डीएसपी राजेश शर्मा, शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार, एसटीएफ जवान अक्षय कुमार समेत अन्य को नामजद किया गया था। भरत तिवारी से भाई चंदन तिवारी ने कहा है कि इस मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होना चाहिए।
17 जून 2026 को बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी का कथित पुलिस एनकाउंटर हुआ था। पुलिस ने भरत को पांच गोलियां मारी थी। आरोप लगाया गया कि पुलिस ने सरेंडर करने के बाद भरत तिवारी को कस्टडी में लेकर गोली मार दी। घटना के समय भरत तिवारी के हाथ में पिस्टल था जिसे उसने पुलिस के कहने पर फेंक दिया। हथियार जब्त कर लेने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
फेक एनकाउंटर का आरोप लगाए जाने और प्रदर्शन के बाद मामले में डीएसपी, थानेदार समेत पांच पुलिस कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की गई। भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी के बयान पर पुलिस कर्मियों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी। सीएम सम्राट चौधरी के आदेश पर न्यायिक आयोग का गठन कर मामले की जांच की जा रही है। पटना हाईकोर्ट के रिटायर जज विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जांच चल रही है। इसमें अभी तक 15 पुलिस अफसर और कर्मियों से पूछताछ हो चुकी है। आयोग अध्यक्ष ने भरत तिवारी के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटना स्थल पर जाकर क्राइम सीन का अवलोकन किया।
भरत तिवारी के परिजनों की पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात हुई। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने उन्हें सीएम से मिलवाया। परिजनों ने सीएम पर भरोसा जताया था। बिहार सरकार के मंत्री मसलन मिथिलेश तिवारी, अशोक चौधरी केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत एनडीए के कई नेताओं ने आरोप लगाया कि भरत तिवारी का फेक एनकाउंटर किया गया। एनकाउंटर में शामिल पुलिस वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके लिए परिजनों, संबंधियों और समर्थकों ने पटना से लेकर दिल्ली तक प्रदर्शन किया।
पुलिस की इस कार्रवाई पर परिजनों ने सरकार को धन्यवाद दिया है। कहा है कि उन्हें न्याय मिलने की आस बढ़ गई है। भरत के भाई चंदन तिवारी ने कहा कि इस में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक चुप नहीं बैठेंगे। जिस पदाधिकारी के आदेश पर भरत तिवारी को गोली मारी गई थी उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।


