बिहार से जुड़े बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड के तार, STF ने बक्सर से एक को उठाया

हिन्दुस्तान, हमारे संवाददाता, बक्सर
Follow us on Google News
share

एसपी ने बताया कि पश्चिम बंगाल की टीम आयी थी। उसने छापेमारी कर विशाल को हिरासत में लिया है। उसे पूछताछ के लिए बंगाल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि यह बंगाल पुलिस ही स्पष्ट कर सकती है कि वह किस मामले में अपने साथ ले गई है।

बिहार से जुड़े बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड के तार, STF ने बक्सर से एक को उठाया

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही एसटीएफ ने बक्सर में दबिश दी है।टीम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी निवासी विशाल श्रीवास्तव को अपने साथ कोलकाता ले गई। विशाल के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में करीब एक दर्जन केस दर्ज हैं, जिनमें हत्या, आर्म्स एक्ट व मारपीट के मामले शामिल हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में विशाल श्रीवास्तव को पुलिस अपने साथ ले गई। इस हत्याकांड से जुड़े कई राज विशाल श्रीवास्तव के पास होने की आशंका है।

हालांकि, बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने यह स्पष्ट नहीं किया कि एसटीएफ विशाल को चंद्रनाथ रथ हत्याकांड से जुड़े मामले में अपने साथ ले गई है। एसपी ने बताया कि पश्चिम बंगाल की टीम आयी थी। उसने छापेमारी कर विशाल को हिरासत में लिया है। उसे पूछताछ के लिए बंगाल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि यह बंगाल पुलिस ही स्पष्ट कर सकती है कि वह किस मामले में अपने साथ ले गई है।

पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग

इधऱ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले के जांचकर्ताओं को हावड़ा के एक टोल प्लाजा पर कथित तौर पर हमलावरों द्वारा किए गए यूपीआई भुगतान के रूप में एक अहम सुराग मिला है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कार हमले से कुछ ही समय पहले बल्ली टोल प्लाजा से गुजरी थी और उसमें सवार लोगों ने यूपीआई के माध्यम से टोल का भुगतान किया था। उन्होंने कहा, ''यूपीआई भुगतान से जांचकर्ताओं को संदिग्धों में से एक से जुड़े मोबाइल नंबर की पहचान करने में मदद मिली। टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज में वाहन और उसमें सवार लोगों की तस्वीरें भी रिकॉर्ड हुई हैं।''

रथ की हत्या छह मई की रात को कोलकाता हवाई अड्डे से लगभग सात किलोमीटर दूर मध्यमग्राम के दोहरिया लेन में कर दी गई थी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत के दो दिन बाद हुई इस हत्या ने राज्य में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, रथ की एसयूवी को उनके घर के पास एक 'सिल्वर' रंग की कार ने रोका, जिसके बाद दोपहिया वाहनों पर सवार हथियारबंद लोगों ने उन पर बेहद करीब से गोलियां चलाईं। हमले के बाद हमलावर कार छोड़कर एक लाल रंग की कार और मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। बाद में अपराध में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं, एक घटनास्थल के पास और दूसरी बारासात में, जो लगभग छह किलोमीटर दूर है।

सीआईडी ​​और एसटीएफ ने इस मामले की जांच के लिए संयुक्त रूप से एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। जांचकर्ताओं ने हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियार की पहचान ऑस्ट्रिया में निर्मित ग्लॉक 47 एक्स पिस्तौल के रूप में की है, जो एक अत्याधुनिक हथियार है और जिसके इस्तेमाल से राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों दोनों में चिंता बढ़ गई है। अधिकारी ने कहा कि एजेंसियां ​​इस बात की भी जांच कर रही हैं कि क्या किसी विदेशी नेटवर्क ने बांग्लादेश को पारगमन मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया होगा।

इनपुट:भाषा

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।