
तुम लोग चारों ओर से घिर चुके हो..., बिहार में STF का फिल्मी अंदाज; घर में सो रहे कपल को दबोचा
पुलिसकर्मियों ने तीन मंजिला भवन को चारों ओर से घेर लिया, और घर में प्रवेश करते हीं मकान मालिक से किराएदार के कमरे के बारे में पता किया। दरवाजा खटखटाते ही पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कहा कि सभी लोग हाथ ऊपर कर बाहर निकालो, वरना अंजाम बुरा होगा।
बिहार में एसटीएफ का फिल्मी अंदाज दिखा है। दरअसल रोहतास जिले में डेहरी शहर के पाली मोहल्ला स्थित गली नंबर दो में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रविवार की सुबह अन्य प्रदेश से आई एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कथित रूप से हथियारों की सौदागरी के मामले में शामिल एक कपल को फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई उस समय हुई जब कपल पाली मोहल्ला में एक किराए के मकान में सोए हए था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब एक दर्जन की संख्या में सादे लिबास में आए पुलिसकर्मियों ने तीन मंजिला भवन को चारों ओर से घेर लिया, और घर में प्रवेश करते हीं मकान मालिक से किराएदार के कमरे के बारे में पता किया। दरवाजा खटखटाते ही पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कहा कि सभी लोग हाथ ऊपर कर बाहर निकालो, वरना अंजाम बुरा होगा।

पुलिसकर्मियों ने यह अभी कहा कि तुम लोग चारों ओर से घिर चुके हो, यदि किसी ने कोई चालाकी की तो परिणाम गंभीर भुगतना पड़ेगा। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने सिर में हेलमेट लगाया था। वो हाथों में पिस्टल लिए कमरे में दाखिल हुए और कपल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों पति- पत्नी को हेलमेट पहनाकर गाड़ी में बैठाया और पटना ले गई। ताकि गिरफ्तारी के बाद कोई फोटो या वीडियो न बना सके। जानकार बताते हैं, कि यह कपल पिछले कुछ समय से वहां किराए पर रह रहे थे। पति क्या काम करता था, किसी को जानकारी नहीं थी।
किंतु पत्नी शहर के प्रतिष्ठित मॉल में काम करती थी। गिरफ्तार कपल के बारे में बताया जाता है, कि महिला सुजाता कुमारी औरंगाबाद जिले के वारुण थाना क्षेत्र के सुरेंद्र पासवान की पुत्री है, जबकि पति गोलू कुमार गया जिला के आमस थाना क्षेत्र के बलखोरा गांव का निवासी है। बताया जाता है, कि पटना से एसटीएफ की टीम में एक डीएसपी स्तर के भी अधिकारी थे। पुलिस टीम रात में ही स्टेशन रोड स्थित एक होटल में रुकी थी और सुबह होते ही पुलिसकर्मियों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से पाली मोहल्ला के गली नंबर दो निवासी बृज बिहारी गुप्ता के मकान को चारों ओर से घेर लिया, और किराए पर रह रहे दंपति को गिरफ्तार कर लिया।
संदेह है, कि हथियारों की खरीद बिक्री में हो शामिल हैं या फिर उग्रवादियों से इस कपल का संबंध है। हलांकि, पुलिस इस पूरे मामले में फूंक - फूंक कर कदम रख रही है। पुलिस गिरफ्तारी या किसी तरह की बरामदगी के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर रही है। फिल्मी अंदाज में पाली मोहल्ला में पटना एसटीएफ की टीम द्वारा की गई कार्रवाई की शहर में चर्चा है। मोहल्ले के लोग गिरफ्तारी को लेकर अपनी-अपनी तरफ से भी कयास लगा रहे हैं। स्थानीय निवासी इस घटना से आश्चर्यचकित हैं और स्तब्ध हैं, कि एक शांत मोहल्ले में इस तरह की आपराधिक गतिविधि भी हो रही थी। इस मामले में एसपी रौशन कुमार ने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कुछ भी कहने से इनकार किया है।





