थानेदार ने पिस्टल ताना, विधायक-सांसद की हूटिंग; छपरा में बाढ़ के पानी में उबल रहा पीड़ितों का गुस्सा

छपरा, हिन्दुस्तान संवाददाता
share

छपरा में बाढ़ पीड़ितों के गुस्से को देखकर थानेदार आपा खो बैठे। उन्होंने पीड़ितों पर ही पिस्टल तान दी। उचित राहत नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश  एमपी, एमएलए और वरीय अधिकारियों पर फूट रहा है। 

बाढ़ पीड़ितों को पिस्टल दिखाते थानेदार
बाढ़ पीड़ितों को पिस्टल दिखाते थानेदार

Bihar Floods: बिहार के सारण में बाढ़ राहत को लेकर पीड़ितों का आक्रोश और उबाल देखा जा रहा है। राहत और बचाव कार्य के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने कई जगह ऐसी स्थिति बन रही है, जहां विरोध धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार तक पहुंच जा रहा है। मकेर के पुरुषोत्तमपुर में राहत सामग्री वितरण के दौरान मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस कप्तान ने वीडियो की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

वायरल वीडियो में भीड़ के विरोध के बीच थानाध्यक्ष जूता दिखाते नजर आते हैं। इसके बाद भीड़ का आक्रोश और बढ़ता है तो वे कमर में रखी पिस्टल निकालकर उसे कॉक करते दिखाई देते हैं। इस दौरान भीड़ से ‘‘मारो गोली, मारो गोली’’ की आवाज सुनाई देती है। बाद में थानाध्यक्ष पिस्टल वापस रख लेते हैं। वायरल वीडियो के आगे की स्थिति स्पष्ट नहीं है। लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं करता है।

मकेर में विधायक, तरैया में सांसद को झेलना पड़ा विरोध

बाढ़ प्रभावित इलाकों में जनप्रतिनिधियों को भी बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। अमनौर विधायक मंटू सिंह को मकेर में दो अलग-अलग मौकों पर विरोध झेलना पड़ा। विधायक ने शांति से हालात को संभाला। वहीं, तरैया में बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने पहुंचे महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के सामने भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। बाढ़ से जुड़ी समस्याओं और राहत कार्यों को लेकर लोगों ने अपना आक्रोश जाहिर किया।

जेई को पानी में खींचा, डीएम-एसपी का भी विरोध

जिले के पानापुर प्रखंड के भगवानपुर इलाके में जल संसाधन विभाग के जेई को देखकर ग्रामीण भड़क उठे। आक्रोशित लोगों ने जेई को पकड़कर पानी में खींच लिया और कॉलर पकड़ने की कोशिश की। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली। वहीं, मकेर में बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे डीएम और एसपी को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने बाढ़ और राहत से जुड़ी समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। परसा और मकेर के सीओ को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर भी बढ़ी तल्खी

जमीन पर विरोध के साथ सोशल मीडिया पर भी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों का सिलसिला बढ़ रहा है। बाढ़ की पीड़ा और राहत की अपेक्षाओं के बीच लोगों का आक्रोश अब सोशल मीडिया से लेकर प्रभावित इलाकों में अधिकारियों के सामने तक दिखाई दे रहा है। कई जगह अधिकारी संयम बरतकर लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कर रहे हैं।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsथानेदार ने पिस्टल ताना, विधायक-सांसद की हूटिंग; छपरा में बाढ़ में उबल रहा गुस्सा