ड्यूटी पर था पिता, साथी की नाबालिग बेटी से SSB जवान ने किया दुष्कर्म; दबोचा गया
किशनगंज के ठाकुरगंज में SSB 19वीं बटालियन के हेड कांस्टेबल पर अपने ही साथी की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार की वारदात के बाद कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। पुलिस अब मेडिकल और…

Bihar News: बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 19वीं बटालियन के एक हेड कांस्टेबल पर अपने ही साथी जवान की नाबालिग बेटी के साथ दरिंदगी करने का आरोप लगा है। मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात शनिवार की शाम की है। आरोपी हेड कांस्टेबल उसी 19वीं वाहिनी में तैनात है, जहां पीड़िता के पिता भी कार्यरत हैं। आरोप है कि हेड कांस्टेबल ने मौका पाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके और बटालियन परिसर में हड़कंप मच गया।
पॉक्सो ऐक्ट में आरोपी गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी हेड कांस्टेबल को दबोच लिया। एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन अब इस मामले में पुख्ता चार्जशीट तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है।
इसके साथ ही आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद रविवार को न्यायिक हिरासत में लेते हुए सीधे किशनगंज जेल भेज दिया गया है। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट और बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है ताकि कोर्ट में पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें और दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। फिलहाल, बटालियन और इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पुलिस गहन जांच में जुटी है।


