मुजफ्फरपुर में रफ्तार का कहर, खड़ी JCB से टकराई तेज रफ्तार कार; 1 की दर्दनाक मौत, 3 की हालत गंभीर

Jayendra Pandey हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, मुजफ्फरपुर
share

Bihar Accident News: मुजफ्फरपुर के गोबरसही-डुमरी रोड पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार खड़ी जेसीबी और पोल से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर हैं।

मुजफ्फरपुर में रफ्तार का कहर, खड़ी JCB से टकराई तेज रफ्तार कार; 1 की दर्दनाक मौत, 3 की हालत गंभीर

Bihar Accident News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी रोड पर शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी एक जेसीबी और पोल में जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। चीख-पुकार के बीच पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में भारी कोहराम मचा हुआ है।

बम धमाके जैसी गूंज से दहल गया पूरा इलाका

हादसा शनिवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर की गूंज इतनी ज्यादा जोरदार थी कि आसपास के घरों में गहरी नींद में सो रहे लोगों को लगा कि जैसे कोई बहुत बड़ा बम ब्लास्ट हुआ हो। दहशत के मारे लोग आनन-फानन में अपने घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद लोगों ने देखा कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से पिचक कर लोहे के मलबे में तब्दील हो चुका था और कार के अंदर फंसे लोग खून से लथपथ हालत में तड़प रहे थे।

मृतक और सभी घायल एक ही गांव के निवासी

इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के ही परमानंदपुर पूर्वी गांव निवासी राजकिशोर साह के 27 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार साह के रूप में हुई है। वहीं, कार में सवार होकर गंभीर रूप से घायल हुए तीनों अन्य व्यक्ति भी मृतक के ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि अहले सुबह होने के कारण सड़क पूरी तरह खाली थी और कार की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके चलते चालक ने स्टीयरिंग से अपना नियंत्रण खो दिया और कार सीधे खड़ी जेसीबी से टकरा गई।

पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस टीम तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों और मृतक को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तुरंत बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया गया। सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और परिजनों के बयान व लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।