
गुड न्यूज! दीपावली, छठ में बिहार के इन 6 रूटों पर चलेंगी सबसे ज्यादा विशेष ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, छह रूट के अलावा अन्य रूट पर भी विशेष गाड़ियां चलाई जा रही हैं। दिल्ली से सहरसा, जयनगर, प्रयागराज, वाराणसी, छपरा आदि रूट पर भी उचित संख्या में विशेष रेलगाड़ियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
त्योहारों पर घर जाने वालों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वे रूट चिह्नित किए हैं, जहां सबसे ज्यादा टिकट की मांग रहती है। इसमें बिहार के छह रूट सामने आए हैं। इस पर सबसे ज्यादा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।

इन रूट में पटना, गया, दरभंगा, भागलपुर, समस्तीपुर और धनबाद शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दीपावली एवं छठ के समय सबसे ज्यादा टिकट की मांग बिहार के गाड़ियों में रहती है। प्रत्येक वर्ष बिहार के लिए ही सबसे ज्यादा विशेष रेलगाड़ी चलाई जाती हैं। वर्ष 2024 के मुकाबले इस बार त्योहारों के समय चलने वाली विशेष रेलगाड़ियों की संख्या को दोगुना किया गया है।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि बीते वर्ष जहां दिल्ली के अलग-अलग स्टेशनों एवं पटना के बीच 280 फेरे लगाए गए थे तो वहीं इस वर्ष इस रूट पर अभी तक 596 फेरे लगाने की घोषणा हो चुकी है। बीते वर्ष दिल्ली से पटना के बीच एक वंदेभारत एक्सप्रेस चलाई गई थी। इस वर्ष दो वंदेभारत एक्सप्रेस चलाई जा रही है, जो लगभग एक महीने में 65 फेरे लगाएगी।
चुनाव का भी असर
रेलवे सूत्रों ने बताया कि इस वर्ष दीपावली एवं छठ के कुछ ही दिनों बाद बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में दिल्ली से बड़ी संख्या में लोग मतदान करने के लिए अपने गांव जा सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इस वर्ष अतिरिक्त रेलगाड़ियां दिल्ली से बिहार के विभिन्न हिस्सों के लिए चलाई जा रही हैं। यह विशेष गाड़ियां आगामी 30 नवंबर तक इन रूटों पर परिचालित होंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, छह रूट के अलावा अन्य रूट पर भी विशेष गाड़ियां चलाई जा रही हैं। दिल्ली से सहरसा, जयनगर, प्रयागराज, वाराणसी, छपरा आदि रूट पर भी उचित संख्या में विशेष रेलगाड़ियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इन रूटों पर चल रहे ट्रेन
दिल्ली-समस्तीपुर
दिल्ली-भागलपुर
दिल्ली-दरभंगा
दिल्ली-धनबाद
दिल्ली-पटना
दिल्ली-गया



