5 करोड़ की जमीन के लिए बेटा बन गया कपूत, ससुर के साथ मिलकर पिता पर चलवाई गोली
पटना के शास्त्री नगर में खटाल संचालक शिव कुमार यादव के बेटे दीपक ने अपने जहनाबाद निवासी ससुर के साथ मिलकर पिता की हत्या का प्लान बनाया था। 5 करोड़ रुपये की जमीन के लिए बेटे ने पिता पर गोली चलवाई। गनीमत रही कि पिता की जान बच गई थी।

बिहार की राजधानी पटना से बाप-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र निवासी खटाल संचालक शिव कुमार यादव की हत्या की साजिश उसके बेटे ने ही रची थी। लगभग 5 करोड़ रुपये की जमीन के लिए बेटे ने अपने ससुर के साथ मिलकर पिता पर गोली चलवाई। हालांकि, इस घटना में पिता की जान बच गई थी।
इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने खटाल संचालक के बेटे दीपक कुमार, समधी मिथिलेश यादव और मिथिलेश के रिश्तेदार नरेश यादव तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों की निशानदेही पर दो कट्टा, तीन कारतूस, वारदात में प्रयुक्त बाइक, एक खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। घटना में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पटना मध्य सिटी एसपी दीक्षा ने शनिवार को बताया कि पिछले महीने 14 मार्च की रात खटाल संचालक शिव कुमार यादव एजी कॉलोनी स्थित अपने खटाल में सो रहे थे। इसी दौरान उन पर फायरिंग कर हमला किया गया था। जख्मी हालत में उन्हें पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय पर सही इलाज मिलने से उनकी जान बच गई थी।
जहानाबाद से पकड़ा गया ससुर
इस संबंध में शिव कुमार यादव के बयान पर शास्त्री नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। पीड़ित ने इस घटना में अपने बेटे के शामिल होने का शक जताया। उधर, इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सचिवालय डीएसपी-2 साकेत कुमार के नेतृत्व में शास्त्री नगर थानेदार रवींद्र कुमार की टीम बनाई गई।
जांच में पता चला कि घटना में खटाल संचालक के बेटे दीपक कुमार का हाथ है। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपने ससुर मिथिलेश यादव और उसके रिश्तेदारों की संलिप्तता की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने जहानाबाद के मखदुमपुर में छापेमारी कर मिथिलेश यादव और उसके रिश्तेदार नरेश यादव को धर दबोचा।
मिथिलेश की निशानदेही पर जहानाबाद के सत्तू बिगहा गांव से घटना में प्रयुक्त हथियार और कारतूस इत्यादि बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि करीब 5 करोड़ रुपये कीमत की जमीन के विवाद में घटना को अंजाम दिया गया था।
जमीन के लिए बेटा बन गया 'कपूत'
पुलिस के मुताबिक शिव कुमार यादव के दीपक, रवि और शुभम तीन बेटे हैं। दीपक और रवि एक साथ, जबकि पिता शिव कुमार अपने दूसरे बेटे शुभम के साथ रहते हैं। दीपक और रवि एक कुरियर कंपनी में काम करते हैं। दोनों की शादी जहानाबाद निवासी सगी बहनों से हुई है। बताया जाता है कि खटाल संचालक की पटना के शास्त्री नगर और परसा के अलावा गयाजी में जमीन है। इनकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये है।
दीपक ने पुलिस को बताया कि पिता शिव कुमार यादव ने हाल ही में 56 लाख रुपए में एजी कॉलोनी स्थित एक कट्ठा के प्लॉट को बेचने की डील की थी। जमीन से मिले रुपये वह भाई शुभम को देने वाले थे। दीपक को लगा कि पिता अपनी अन्य संपत्ति बेचकर उसके रुपये भी भाई शुभम को देंगे। पिता ऐसा नहीं कर पाएं, इसके लिए उसने अपने ससुर से बात की और शिव कुमार यादव की हत्या की साजिश रच दी।
(पटना से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


