पोते को मारने से रोकने पर मां को पीट-पीटकर मार डाला, बिहार में बेटा बना हैवान
बताया जाता है कि ज्ञानी यादव किसी बात को लेकर अपने पुत्र की पिटाई कर रहा था। पोते को पिटता देख प्रमिला देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं और बेटे को रोकने लगीं। इसी दौरान दोनों के बीच बहस होने लगी। इसके बाद सारा वाकया हुआ।

बिहार के दरभंगा जिले में एक बेटे ने अपनी मां को पीट-पीट कर मार डाला है। जानकारी के मुताबिक, फेकला थाना क्षेत्र के बीसबीघा गांव में मंगलवार शाम पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपनी मां प्रमिला देवी (65) की बांस के टुकड़े से पीटकर हत्या कर दी। प्रमिला उपेंद्र यादव की पत्नी थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे ज्ञानी यादव को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जाता है कि मंगलवार शाम ज्ञानी यादव किसी बात को लेकर अपने पुत्र की पिटाई कर रहा था। पोते को पिटता देख प्रमिला देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं और बेटे को रोकने लगीं। इसी दौरान दोनों के बीच बहस होने लगी।
आरोप है कि इससे आक्रोशित ज्ञानी यादव ने पास में पड़े बांस के टुकड़े से मां के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से प्रमिला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फेकला थानाध्यक्ष वशिष्ठ कापर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी ज्ञानी यादव को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डायन के आरोप में महिला पर हमला
इधर दरभंगा के ही जाले थानाक्षेत्र के महुली ननकार वार्ड नंबर 10 की एक महिला को बेवजह डायन का आरोप लगाकर पड़ोस के ही एक परिवार के लोगों ने घर में घुसकर बुरी तरह मारपीट कर जख्मी दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, सिर में दो टांके लगे हैं। पीड़िता का इलाज चल रहा है। मामले को लेकर पीड़िता ने स्थानीय थाना में आधे दर्जन लोगों के विरुद्ध एक एफआईआर दर्ज करवाई है। एफआईआर में कहा गया है कि 3 सितंबर की रात लगभग 9 बजे पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के लोग मिलकर डायन का आरोप लगाते हुए अचानक घर में घुस गए और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर बाल पकड़कर घसीटते हुए बेइज्जत किया और लात-घूंसा एवं लोहे की रॉड से सिर पर मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि उनके ऊपर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया था। इस मामले में महुली ननकार गांव के सुबोध पासवान पिता प्रमोद पासवान, गुलाबो देवी पति सुबोध पासवान, फूल कुमारी देवी पति प्रमोद पासवान, प्रमोद पासवान पिता स्व. मांझी पासवान, सुरेंद्र पासवान पिता उपेंद्र पासवान और छोटू पासवान पिता स्व. मांझी पासवान को आरोपी बनाया गया है। पीड़िता का इलाज सीएचसी में किया गया। एफआईआर में कहा गया है कि सभी आरोप उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। एफआईआर में कहा गया है कि पूर्व में भी उनके साथ हुई मारपीट को लेकर समझौता हो चुका है, लेकिन आरोपियों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं हुआ है।


