बिहार के कैमूर जिले में बेटे ने की पिता की हत्या, मामूली विवाद में मर्डर

हिन्दुस्तान टीम, कैमूर
Follow us on Google News
share

बिहार के कैमूर जिले में एक बेटे ने अपने पिता की पीट-पीट कर बड़ी ही बेरहमी से हत्या कर दी है। बड़ी हैरानी की बात यह भी है कि महज बकरी को बांधने की बात से शुरू हुआ विवाद मर्डर तक जा पहुंचा। 

kaimur news

बिहार में रिश्तों के कत्ल की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव स्थित बरकट्टा टोला में मंगलवार की रात मामूली विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक 60 वर्षीय चुल्हन बिंद बड़कट्टा टोला के निवासी थे। चैनपुर थाने की पुलिस ने बुधवार को शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया और सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। चुल्हन बिंद के घरवाले उनकी मौत से गमजदा हैं और आरोपी बेटा फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

इस सनसनीखेज वारदात को लेक मृतक चुल्हन बिंद के छोटे बेटे जितेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि उसका माझिल भाई सोनू बिंद ने घर के गलियारे में बकरी बांध कर रखा था। उसके पिता चुल्हन बिंद ने अपने बेटे सोनू बिंद से रास्ते से बकरी को हटाकर दूसरी जगह बांधने की बात कही। बस इतनी सी बात पर सोनू नाराज हो गया और पिता से बहस करने लगा। विवाद बढ़ा और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। सोनू ने लाठी-डंडे से पीटकर अपने पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद परिजन घायल वृद्ध को लेकर चैनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे। यहां के चिकित्सक ने उनका प्राथमिक उपचार कर उन्हें गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एक एंबुलेंस से लेकर सदर अस्पताल गए। इमरजेंसी के डॉक्टर ने उनका इलाज करते हुए चिंताजनक हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। बेहतर इलाज कराने के लिए परिजन उन्हें लेकर वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

वृद्ध की मौत के बाद परिजन शव को लेकर चैनपुर थाना पहुंचे। थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि अभी तक मामले में परिजनों ने आवेदन नहीं दिया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। चुल्हन बिंद की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। इलाके के लोग भी इस घटना से बेहद हैरान है। लोगों को यकीन नहीं हो रहा है कि एक मामूली सी बात पर कोई बेटा अपने पिता की इस कदर बेरहमी से पिटाई कर सकता है। बहरहाल अब पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करने में जुटी हुई है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।