Hindi NewsBihar NewsSome tore their kurta some wept bitterly RJD leaders rebelled after being denied tickets
किसी ने कुर्ता फाड़ा, कोई फूट-फूटकर रोया; टिकट नहीं मिलने पर RJD नेताओं की बगावत

किसी ने कुर्ता फाड़ा, कोई फूट-फूटकर रोया; टिकट नहीं मिलने पर RJD नेताओं की बगावत

संक्षेप:

टिकट नहीं मिलने पर राजद नेताओं ने बगावती तेवर अपना लिए हैं। मधुबन के दावेदार मदन साह ने तो अपना कुर्ता ही फाड़ लिया। वहीं बाराचट्टी की दावेदार उषा देवी भी राबड़ी आवास के बाहर रोती हुई दिखाई दीं। सासाराम की दावेदार अर्चना गुप्ता ने भी बगावत कर दी है

Oct 19, 2025 09:19 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share Share
Follow Us on

टिकट नहीं मिलने पर राजद में बगावती तेवर उठने लगे हैं। राजद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल ने पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए परिहार से निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर दिया। मधुबन से टिकट के दावेदार मदन साह ने पूर्व सीएम राबड़ी देवी के सरकारी आवास दस सर्कुलर के बाहर रविवार को हंगामा किया। कुर्ता फाड़ लिया और दहाड़ मारकर रोने लगे। राजद के कई नेता पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए इस्तीफा देने लगे हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मधुबन से पिछला चुनाव लड़ चुके मदन साह टिकट नहीं मिलने पर राबड़ी आवास के बाहर फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने दावा किया कि उनसे टिकट के लिए करोड़ों रुपए मांगे गए और जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो उनका टिकट काट दिया गया। वे इतने आक्रोश में थे कि उन्होंने अपना कुर्ता फाड़ लिया। कहा कि मैं 1990 से पार्टी के लिए काम कर रहा हूं लेकिन अब टिकट पैसों के बल पर बांटे जा रहे हैं। जो कार्यकर्ता दिन-रात पार्टी का झंडा उठा रहे हैं, उन्हें किनारे कर दिया गया है।

बाराचट्टी की दावेदार उषा देवी भी राबड़ी आवास के बाहर रोती हुई दिखाई दीं। कहा कि पार्टी ने उन्हें टिकट न देकर किसी अन्य उम्मीदवार को चुना, जिससे वे बेहद आहत हो गईं। उषा ने कहा कि मेरे पास पैराशूट नहीं था। उषा देवी ने कहा कि मैं 17 साल की उम्र से पार्टी की सदस्य हूं। मैं निराश हूं, लेकिन फिर भी तेजस्वी यादव और लालू यादव का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। राजद के पक्ष में चुनाव प्रचार भी करूंगी।

ये भी पढ़ें:लालूजी, आपका भी कुर्ता फाड़ देगा, गेट मत खोलिएगा; गिरिराज सिंह ने क्यों दी नसीहत
ये भी पढ़ें:गौड़ा बौराम पर सस्पेंस खत्म; VIP के संतोष MGB कैंडिडेट, लालू ने EC को लेटर भेजा

बिहारशरीफ के पप्पू खान इस सीट के कांग्रेस में जाने और बाहरी व्यक्ति को उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी पर पैसा लेकर टिकट देने का आरोप लगाया और कहा कि वे राजद को अब देखना भी नहीं चाहेंगे। पप्पू खान ने पत्नी को निर्दलीय चुनाव लड़ाने का एलान किया। बरौली से पिछला चुनाव लड़ चुके रियाजुलहक उर्फ राजू इस बार टिकट नहीं मिलने से नाराज हैं और निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर चुके हैं।

सासाराम की दावेदार अर्चना गुप्ता ने भी बगावत कर दी है। अर्चना ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कानू समाज से हर हाल में एक नेता को टिकट देने का आश्वासन दिया था लेकिन वे अपनी बात पर टिक नहीं सके। बाढ़ की जिलाध्यक्ष नम्रता नीरज सिंह ने भी बगावती तेवर अपनाते हुए पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। बांका के जिला प्रधान महासचिव और बेलहर के दावेदार मिठन यादव ने पार्टी नेतृत्व पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए दल से त्यागपत्र दे दिया।

ये भी पढ़ें:गठबंधन धर्म का पालन करिए, ये 90 का दौर नहीं है; लालू को पप्पू यादव की नसीहत

वहीं राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि जिस दल का जनाधार बड़ा है, कार्यकर्ताओं की संख्या बड़ी है और जीतने की संभावना भी ज्यादा है तो उस दल में टिकट के दावेदारों की संख्या भी ज्यादा होना स्वाभाविक है। टिकट तो किसी एक को ही मिलेगा। गठबंधन की राजनीति में तो क्षेत्रों की संख्या भी सीमित होती है। ऐसी स्थिति में जिन्हें टिकट नहीं मिल पाता है वे भावावेश में आकर यदि कुछ टिप्पणियां करता है तो उसे बहुत गंभीरता से नहीं लिया जाता।