छह राउंड गोलियां चलीं, खान सर के कोचिंग सेंटर का गेट और बोर्ड तोड़ डाला; 2 घंटे तक बवाल में क्या-क्या हुआ

हिन्दुस्तान, वरीय संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

Khan Sir News: इस पूरे बवाल के बाद खान सर की भी प्रतिक्रिया सामने आई। खान सर ने कहा कि हमला करने वाले असामाजिक तत्व हैं, जिन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को भी धमकाया। कुछ लोगों को यह आपत्ति है कि इतनी कम फीस में बड़ी संख्या में छात्रों को पढ़ाया जा रहा है>

छह राउंड गोलियां चलीं, खान सर के कोचिंग सेंटर का गेट और बोर्ड तोड़ डाला; 2 घंटे तक बवाल में क्या-क्या हुआ

Khan Sir News: पटना में मशहूर खान सर के कोचिंग सेंटर में जमकर हंगामा और बवाल हुआ। कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर के किसान कोल्ड स्टोरेज इलाका स्थित चर्चित खान सर के ग्लोबल स्टडीज परिसर में मंगलवार की रात करीब 10 बजे काफी संख्या में असामाजिक तत्वों ने जमकर हंगामा और पथराव किया। इस दौरान पांच से छह राउंड फायरिंग करने का भी आरोप है। असामाजिक तत्वों ने दीघा के बाटा निवासी उनके स्टाफ सह गार्ड चुनचुन कुमार को पकड़कर लाठी-डंडे से पीटा, जिसमें उसका सिर फट गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

असामाजिक तत्वों ने संस्थान परिसर में लगे खान ग्लोबल स्टडीज के बोर्ड को तोड़ दिया तथा गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस कारण करीब दो घंटे तक उस इलाके में अफरातफरी मची रही। कोचिंग के बाहर सड़क पर छात्रों और आम लोगों की गहमागहमी रही। मामले की सूचना पर एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा, सिटी एसपी मध्य दीक्षा कदमकुआं, पीरबहोर और सुल्तानगंज थाने के पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक हमलावर वहां से भाग गए।

बताया जाता है कि खान ग्लोबल स्टडीज में बिहार पुलिस की परीक्षा पास करने वालों के सम्मान में रविवार को समारोह का आयोजन किया गया था। इसको लेकर खान ग्लोबल स्टडीज और बगल के स्थित एक कोचिंग संस्थान के बीच में तनाव था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर मंगलवार रात 9.30 से 10 बजे के बीच अचानक काफी संख्या में असामाजिक तत्व पहुंच गए और कोचिंग का गेट तोड़ दिया। इसका खान सर के स्टाफ और छात्रों ने विरोध किया। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई । इसके बाद दूसरे पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया। खान ग्लोबल स्टडीज के स्टाफ ने बताया कि मारपीट में गार्ड चुनचुन का सिर फट गया। आरोप लगाया कि हमलावरों ने चार-पांच राउंड फायरिंग भी की। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी।

खान सर क्या बोले

इस पूरे बवाल के बाद खान सर की भी प्रतिक्रिया सामने आई। खान सर ने कहा कि हमला करने वाले असामाजिक तत्व हैं, जिन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को भी धमकाया। कुछ लोगों को यह आपत्ति है कि इतनी कम फीस में बड़ी संख्या में छात्रों को पढ़ाया जा रहा है और अच्छे रिजल्ट दिए जा रहे हैं। प्रशासन कोचिंग संस्थान की सुरक्षा बढ़ाए।

पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा क्या बोले

कोचिंग के आपसी वर्चस्व को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कुछ लोग गेट तोड़ते हुए दिखे हैं। फुटेज के आधार पर पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना में एक जख्मी हुआ है, जो इलाजरत है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।