
जितिया व्रत पर पंचमदिरा घाट पर उमड़ी महिलाओं की भीड़
संक्षेप: गुठनी में महिलाएं रविवार को जितिया व्रत के लिए पंचमदिरा घाट पर स्नान करने पहुंचीं। उन्होंने निर्जला उपवास का संकल्प लिया और परिवार के साथ पूजा-अर्चना कर भोजन ग्रहण किया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच,...
गुठनी, एक संवाददाता। दरौली प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचमदिरा घाट पर जितिया व्रत रखने वाली महिलाएं रविवार की दोपहर सरयू नदी में स्नान के लिए घाट पर पहुंचीं। महिलाओं ने स्नान के बाद निर्जला उपवास का संकल्प लिया। क्षेत्र की अन्य नदियों और तालाबों पर भी महिलाएं स्नान के लिए पहुंचीं। इस दौरान नदियों में जलस्तर अधिक होने से स्नान में जोखिम था। लेकिन मातृत्व प्रेम के आगे यह खतरा कम नजर आया। घाटों पर भीड़ के बावजूद सुरक्षा का खास इंतजाम था। स्नान के बाद उन्होंने विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाकर परिवारजनों के साथ भगवान को भोग लगाकर भोजन ग्रहण किया।

इधर, जीवित्पुत्रिका के लिए माताओं ने नहाय-खाए किया। रविवार को वे 24 घंटे का निर्जला उपवास रखकर व्रत करेंगी और उपवास पूरा होने के बाद पारण करेंगी। अश्विन मास की अष्टमी को माताएं निर्जला व्रत रखती हैं। पहले दिन स्नान कर व्रत शुरू करती हैं। दूसरे दिन बिना भोजन-पानी के जीमूतवाहन की पूजा करती हैं। नवमी को स्नान और पूजन के बाद व्रत खोला जाता है। व्रत के दौरान महिलाएं एक साथ कथा सुनती और गीत गाती हैं। मान्यता है कि इस व्रत से संतान के जीवन से संकट दूर होते हैं। यह पर्व मातृ शक्ति की आस्था का प्रतीक है। थानाध्यक्ष अविनाश कुमार झा ने बताया कि पुलिस घाटों और मुख्य मार्ग पर पूरी तरह सजग थी। ताकि आने वाली किसी भी व्रती महिला को कोई दिक्कत न हो। इसका पूरा ख्याल पुलिस टीम ने रखा था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




