नगर पंचायत का वाटर एटीएम बंद, नहीं मिल रहा है शुद्ध जल

नगर पंचायत का वाटर एटीएम बंद, नहीं मिल रहा है शुद्ध जल

संक्षेप:

बड़हरिया में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए वाटर एटीएम अब पूरी तरह बेकार हो गए हैं। कई वार्डों में एटीएम महीनों से बंद हैं, जिससे लोग मजबूरी में पानी खरीदने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग की है।

Dec 12, 2025 07:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

बड़हरिया, एक संवाददाता। नगर पंचायत क्षेत्र में शुद्ध और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए वाटर एटीएम अब पूरी तरह बेकार पड़े हैं। कई वार्डों में महीनों से एटीएम बंद होने पर लोग नाराज हैं और मरम्मत की मांग कर रहे हैं। वाटर एटीएम ठप रहने के कारण बाजार आने वाले लोग, दुकानदार और वार्ड की आम जनता अब मजबूरी में पानी खरीदकर पी रही है। स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि एटीएम शुरू होने पर उन्हें काफी सहूलियत होती थी। बाजार आने वाली ग्रामीण महिलाएँ-शम्मा, रानी कुमारी, शगुफ्ता, निकी कुमारी, कुसुम कुमारी और पूजा कुमारी ने कहा कि पहले वे बोतल में एटीएम से पानी भरकर प्यास बुझाती थीं, लेकिन अब उसके बंद होने से उन्हें निजी पैसों से पानी खरीदना पड़ रहा है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दुकानदारों ने आरोप लगाया कि मशीन और लगाए गए उपकरण मानक के अनुसार नहीं थे, इसी कारण एटीएम कुछ ही महीनों में खराब हो गया। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 2, 4, 6, 7, 8, 11, 12 और 13 में लगाए गए सभी वाटर एटीएम लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे आम लोगों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। डिप्टी चेयरमैन प्रतिनिधि रहीमुद्दीन खान ने बताया कि वार्ड पार्षदों की ओर से नगर पंचायत कार्यालय को कई बार सूचना दी गई, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी एटीएम की मरम्मत नहीं कराई गई। दूसरी तरफ चेयरमैन पति नसीम अख्तर ने दावा किया कि मशीनें मानक के अनुसार ही लगाई गई थीं, लेकिन "क्षमता से अधिक पानी निकालने" के कारण वे खराब हुई हैं। उन्होंने जल्द मरम्मत करवाने का भरोसा दिया। उधर दुकानदारों और आम लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि पेयजल संकट को देखते हुए वाटर एटीएम की तत्काल मरम्मत कराकर व्यवस्था जल्द बहाल की जाए।