सर्वे करने अमीन और कर्मी के आने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 11 जख्मी
भगवानपुर हाट के विलासपुर गांव में शनिवार को पुरखों की जमीन को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस संघर्ष में 11 लोग घायल हुए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। पुलिस विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही है।

भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के विलासपुर गांव में शनिवार को सर्वे करने के लिए अमीन और कर्मी के आने पर पुरखों के आठ कट्ठा जमीन को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्षों के ग्यारह लोग घायल हो गए। खूनी संघर्ष की सूचना मिलने पर डायल 112 और थाने के गश्ती दल ने अपने वाहन से घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। अचानक ग्यारह लोगों के घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचने पर कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। अस्पताल के डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मी घायलों का इलाज करने में जुट गए।
घायलों में एक पक्ष के मुकेश प्रसाद, पवन प्रसाद, शंकर प्रसाद, गुड्डू प्रसाद, शत्रुघ्न प्रसाद तथा दूसरे पक्ष के धर्मेन्द्र प्रसाद, दुर्गावती देवी, माया देवी, संतोषी देवी, रेखा देवी और शिवम कुमार शामिल हैं। डॉक्टरों ने एक पक्ष के घायल मुकेश प्रसाद, पवन प्रसाद, शंकर प्रसाद, गुड्डू प्रसाद तथा शत्रुघ्न प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सीवान रेफर किया गया है। घटना के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार को जमीन का सर्वे करने के लिए अमीन और कर्मी आए हुए थे। इस दौरान पुरखों के जमीन को अपने- अपने नाम से करवाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ते - बढ़ते जमकर मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के पवन कुमार के साथ शुक्रवार को भी मारपीट की गई थी। रात में हुए विवाद को एक पक्ष की तरफ से सुलह का प्रयास किया जा रहा था तभी दूसरे पक्ष ने बाहरी लोगों को बुलाकर हमला करवा दिया। इस मामले में थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारी पुलिस बलों के साथ गश्त कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


