
निखती कला में दो पक्षों में मारपीट, तीन प्राथमिकी दर्ज
रघुनाथपुर के निखती कला गांव में दो पक्षों के बीच विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की और विशेष टीम जांच के लिए गठित की है। आरोपों में सरकारी भवन निर्माण का विरोध भी शामिल है।
रघुनाथपुर, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के निखती कला गांव में दो पक्षों के बीच विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस से इसकी शिकायत की है। इधर, पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।थाना प्रभारी पुअनि सुजीत कुमार ने बताया कि निखती कला गांव में आपसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। मामले में शांति और सुरक्षा की दृष्टि से कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पहले पक्ष से शिवजी सिंह द्वारा गांव के राजेश्वर पासवान, छोटन मांझी, रामकेश्वर मांझी, अशोक मांझी, श्रीभगवान मांझी, कृष्णा मांझी व राजाराम पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आरोप लगाया है कि उक्त सभी लोगों ने एकजुट होकर उनके दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर फिल्मी अंदाज में पिस्टल तानकर जान से मारने की कोशिश की गई। शोर मचाने पर ग्रामीणों की मदद से जान बची। इधर, दूसरे पक्ष के उपमुखिया राजेश्वर पासवान ने आरोप लगाया कि सरकारी राशि से बन रहे लोहिया भवन के निर्माण का कुछ लोगों ने विरोध किया और इसी दौरान उनकी जेब से पचास हजार रुपये छीन लिए गए। इस मामले में शिवजी सिंह, राजा सिंह, अजय सिंह व अतुल सिंह समेत 9 लोगों को नामजद किया गया है। इसी बीच, स्व. जयप्रकाश सिंह की पत्नी कमला देवी ने भी राजेश्वर पासवान पर राजनीतिक रंजिश में मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आचार संहिता के दौरान सरकारी धन से भवन निर्माण प्रतिबंधित होने के बावजूद कार्य कराया जा रहा था। विरोध करने पर उपमुखिया व उनके परिजनों ने हथियार से लैस होकर जानलेवा हमला किया। इस मामले में भी राजेश्वर पासवान, छोटन मांझी, रामकेश्वर मांझी समेत दस लोगों को नामजद किया गया है। थाना प्रभारी सुजीत कुमार ने कहा कि तीनों शिकायतों की जांच करने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




