बच्चों के विवाद में चली गोली व लाठी डंडे से हुई मारपीट, 5 जख्मी
सीवान के नया बाजार पोखरा में रविवार को बच्चों के विवाद के चलते पचास से अधिक हमलावरों ने पत्थरबाजी और मारपीट की। इस घटना में चार लोग घायल हो गए और एक युवक को गोली लगी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी...

सीवान, निप्र/नप्र। नगर थाना क्षेत्र के नया बाजार पोखरा के समीप रविवार को पचास से अधिक लाठी-डंडे से लैश हमलावरों ने पत्थरबाजी व मारपीट की। इस विवाद में चार से अधिक लोग घायल हो गए , जबकि एक युवक को गोली लगने से जख्मी हो गया। घटना का कारण बच्चों के बीच विवाद बताया गया है। घायलों में थाना क्षेत्र के नया बाजार पोखरा निवासी मो. हजरत अली का 23 वर्षीय पुत्र आशिफ, सैफुल्लाह का 18 वर्षीय पुत्र मो. राज व शहाबुद्दीन का पुत्र परवेज व निजाम अली जबकि गोली लगने से घायल युवक चकिया निवासी सारिक है। घटना के बाद किसी ने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है। बताया गया है कि बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बाद में, चकिया के लोग काफी संख्या में मौके पर पहुंच गए और मारपीट, पत्थरबाजी व गोलीबारी से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। इस मारपीट के दौरान कई लोगों को चोटें आयी हैं। वहीं, गोलीबारी के दौरान एक गोली सारिक के दाहिने हाथ में जाकर लग गयी। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां, इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर ने गोली लगे युवक को प्राथमिक इलाज देते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना के लिए रेफर कर दिया। परिजन शहर के ही एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। वहीं, अन्य चार घायलों का इलाज कराया गया। खाना खाने घर आने के दौरान भीड़ ने कर दी पिटाई मॉडल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाजरत आशिफ ने बताया कि उसे घटना के बारे में कुछ जानकारी नहीं है। वह पेंटर का काम करता है। रविवार को भी वह काम पर गया था। दोपहर को खाना खाने के लिए अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इस दौरान करीब पचास से अधिक लोगों की भीड़ ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भीड़ ने उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। मॉडल अस्पताल पहुंचे सदर एसडीपीओ घटना की जानकारी मिलने के बाद फौरन पुलिस एक्टिव हो गयी। घटना के बारे में विस्तार से जानकारी के लिए सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह मॉडल अस्पताल पहुंचे। लेकिन तबतक गोली से घायल युवक को रेफर किया जा चुका था। अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी जानकारी मिलते ही एसडीपीओ वापस लौट गए।नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार ने बताया कि बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ है। इस विवाद के दौरान मारपीट में कुछ लोग घायल हो गए हैं जबकि एक युवक को गोली लगी है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। एसपी का कहना है एसपी अमितेश कुमार ने बताया है कि रविवार को 2 बजे के आसपास गोली चलने की सूचना मिली। इसके बाद एसडीपीओ सदर और नगर थानेदार ने मामले की जांच की। जांच के दौरान पता चला है कि 27 दिसंबर को दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उसी के बाद से दोनों पक्षों में मन मुटाव था तो रविवार को भी दोनो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस घटना की जांच चल रही है। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ चल रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।