जिले में फिर से बढ़ी ठंड, कोल्ड डे जैसी बनी स्थिति
सीवान में पिछले तीन-चार दिन धूप के बाद मौसम ने अप्रत्याशित परिवर्तन किया है। अब लोग ठंड के कारण घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। जिले में न्यूनतम तापमान जीरादेई प्रखंड में 10 डिग्री तक गिर गया है, जबकि...

सीवान, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले में पिछले तीन-चार दिन धूप निकलने के बाद मंगलवार से मौसम ने फिर से अप्रत्याशित तौर पर यू-टर्न लिया है। जिससे दो दिनों से सूरज भगवान के दर्शन नहीं हो रहे हैं। वहीं ढंड से लोग घर से बाहर निकलने से परहेज करने लगे हैं। इससे कोल्ड डे जैसी स्थिति जिले में बन गई है। जिले में सबसे न्यूनतम तापमान जीरादेई प्रखंड में दर्ज किया गया। मौसम में आये इस बदलाव से हवाओं ने शीत लहर का एहसास लोगों को दिला रहा है। हवा के बदले मिजाज से दिन का पारा 10 डिग्री तक गिर गया है। जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रह रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, कड़ाके की ठंड या शीतलहर जैसी स्थिति रहने की संभावना नहीं है। राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य रहेगा। हालांकि, 18 जनवरी से एक बार फिर जिले में कनकनी बढ़ सकती है। आइएमडी पटना के मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि हवा की दशा और दिशा में बदलाव की वजह से ऐसा हुआ। सतह पर पुरवैया और ऊपरी स्तर पर शक्तिशाली पछुआ की मिलने से कोहरा बादल में बदल गये। यह लेयर सतह से तीन किलोमीटर ऊपर तक है। जब तक हवा का यह पैटर्न नहीं बदलेगा, तब तक संबंधित इलाकों में यही मौसमी दशा बनी रहेगी। हालांकि सर्दियों में ऐसी स्थिति कभी-कभार देखने को मिलती है। लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।