Hindi NewsBihar NewsSiwan NewsUnidentified Body Found in Water-filled Pit Near Bridge Police Investigating Murder
 एनएच-531 पर मिले अज्ञात युवक के शव की 24 घंटे बाद भी नहीं हुई पहचान

एनएच-531 पर मिले अज्ञात युवक के शव की 24 घंटे बाद भी नहीं हुई पहचान

संक्षेप:

दरौंदा में एनएच-531 पर मछौती गांव के समीप पुल के नीचे एक युवक का शव मिला है, जिसकी पहचान 24 घंटे बाद भी नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी की है। शव के पास खून के धब्बे मिले हैं और मृतक की जेब से एक रेल टिकट बरामद हुआ है।

Feb 11, 2026 03:43 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share Share
Follow Us on

दरौंदा, एक संवाददाता। एनएच-531 पर मछौती गांव के समीप पुल के नीचे पानी से भरे गड्ढे में सोमवार को मिले युवक के शव की 24 घंटे बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस अब अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई है और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया। शव मिलने के दौरान युवक के नाक और मुंह से खून निकल रहा था।

वहीं पुल के पास पड़े कंबल और आसपास के हिस्से पर भी खून के धब्बे पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। वह जींस, शर्ट और जैकेट पहने हुए था। तलाशी के दौरान युवक की जेब से कुछ नकद रुपये और लोकमान्य तिलक से पाटलिपुत्र तक का 6 फरवरी का रेल टिकट बरामद हुआ है। पुलिस इस टिकट के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मिलान किया जा रहा है। इसके अलावा रेलवे प्रशासन से संपर्क कर टिकट से संबंधित जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। शव की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;