हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत, सड़क जाम
मैरवा के महुआबारी इलाके में एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय सोमी देवी की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर एक तेज रफ्तार लाल कार के कारण हाइवा के नीचे आ गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर यातायात बाधित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हाइवा को जब्त कर लिया।

मैरवा, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के महुआबारी इलाके में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हबीबनगर निवासी अजय बरनवाल की पत्नी 27 वर्षीय सोमी देवी के रूप में की गई है। हादसा सीवान मुख्य मार्ग पर उस समय हुआ, जब बाइक अनियंत्रित होकर हाइवा के नीचे आ गई। मिली जानकारी के अनुसार अजय कुमार अपनी पत्नी सोमी देवी के साथ बाइक से गुठनी मोड़ स्थित एक सेंटर से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे महुआबारी के पास पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, तभी आगे चल रही एक तेज रफ्तार लाल रंग की कार अचानक रुक गई।
अचानक ब्रेक लगने से बाइक संतुलन खो बैठी और सामने से आ रहे हाइवा के नीचे जा गिरी। इस हादसे में सोमी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित कर दिया। सूचना मिलते ही मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं हाइवा को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दुर्घटना के लिए एनएच की जर्जर सड़क भी जिम्मेदार है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहनों को अक्सर अचानक ब्रेक लेना पड़ता है, जिससे इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


