
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत
दरौंदा में गुरुवार को घने कोहरे के कारण एक सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय अंशु कुमार की मौत हो गई। वह चावल खरीदने के लिए बाइक पर निकला था। अज्ञात वाहन से टकराने के बाद उसकी बाइक पेड़ से टकरा गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दरौंदा, एक संवाददाता। स्थानीय थाना क्षेत्र के बगौरा-सेमरी मार्ग पर गुरुवार की सुबह घने कोहरे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बगौरा-छेरही गांव के बीच जगदीशपुर गांव के समीप ईंट-भट्ठा के सामने हुई भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उस्ती गांव निवासी संजय प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। चावल खरीदने निकला था तो हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को अंशु की दादी का श्राद्ध कर्म संपन्न हुआ था।
गुरुवार को इसी क्रम में पड़ोसियों को भात खिलाने की तैयारी चल रही थी। घर में रिश्तेदार भी आए हुए थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे अंशु अकेले बाइक से बगौरा बाजार चावल खरीदने के लिए निकला था। बाजार से चावल खरीदने के बाद लौटने के दौरान सुबह करीब आठ बजे बगौरा और छेरही गांव के बीच घने कोहरे के कारण सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंशु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दरौंदा थानाध्यक्ष ने की मामले की जांच घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 की टीम को दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने युवक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद दरौंदा थाना पुलिस को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अंशु दो भाइयों में सबसे छोटा था। जैसे ही घटना की सूचना उसके घर पहुंची, पिता संजय प्रसाद, मां और बड़ा भाई घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर मां, पिता और भाई फूट-फूटकर रोने लगे। परिजनों की चीत्कार से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाने में लगे रहे। पुलिस विभिन्न बिन्दुओं पर कर रही जांच फिलहाल पुलिस सड़क दुर्घटना की जांच में जुटी हुई है। दुर्घटना किस वाहन से हुई, इसका पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बगौरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के कई सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। घने कोहरे और तेज रफ्तार को हादसे के संभावित कारण माने जा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




