Siwan News युवक की मौत से बुझ गया घर का चिराग, इकलौता पुत्र था अनुराग
Siwan News भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के सारीपट्टी गांव में एनएच 331 पर बुधवार को तेज रफ्तार पिकअप के धक्के से हुई युवक की मौत से उसके घर का चिराग बुझ गया। दुर्घटना होने पर धक्का मारने वाला पिकअप...

Siwan News भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के सारीपट्टी गांव में एनएच 331 पर बुधवार को तेज रफ्तार पिकअप के धक्के से हुई युवक की मौत से उसके घर का चिराग बुझ गया। दुर्घटना होने पर धक्का मारने वाला पिकअप का ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। मृत युवक ब्रह्मस्थान गांव के महेश मांझी व नीतू देवी का एकलौता पुत्र अनुराग कुमार था। इस सड़क हादसे में उसकी बड़ी बहन अनुष्का कुमारी उर्फ रूबी भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। गंभीर रूप से घायल दोनों भाई - बहन को इलाज के लिए सीवान ले जाने के दौरान घायल भाई अनुराग की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल बहन अनुष्का की नाजुक हालत को देखते हुए उसे सीवान से पटना रेफर कर दिया गया। दूसरे दिन गुरुवार को उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ले जाए जाने की सूचना मिली है।
ग्रामवासियों का आक्रोश
दुर्घटना के समय वहां से गुजर रही एक बस को लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और जमकर बवाल काटा। इस दौरान बस के शीशे को तोड़ने का आरोप लगाया जा रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक अनुराग की मौत की खबर मिलते हीं उसके घर कोहराम मच गया। परिजनों का राे - रो कर बुरा हाल हो गया। बुधवार की देर शाम पोस्टमार्टम कराकर युवक का शव घर लाया गया। युवक का शव घर पहुंचते हीं रात के अंधेरे में उसके अंतिम दर्शन के लिए आसपास के लोग उसके घर की ओर दौड़ पड़े। शव को देख घर में कोहराम मच गया। उसकी मां नीतू देवी, छोटी बहन सलोनी कुमारी व अन्य परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। आसपास के परिजनों को ढांढस बंधाने व सांत्वना देने में जुटे हुए थे।
परिजनों और सामुदायिक समर्थन
घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार को प्रमुख हरेन्द्र पासवान, धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सुजीत कुमार पांडेय, पूर्व प्रमुख लखन मांझी व अन्य लोगों ने उसके दरवाजे पर पहुंच कर परिजनों को सांत्वना दी एवं उन्हें ढांढस बंधाया। मृतक के पिता महेश मांझी बेंगलुरु में मजदूरी करते हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने पर वे तत्काल बेंगलुरु से घर के लिए प्रस्थान कर गए। गुरुवार को घर पहुंच अपने एकलौते बेटे का शव देख दहाड़ मारकर रोने लगे। लोगों ने उन्हें संभाला और सांत्वना दी। यह देख वहां मौजूद सभी की आंखें नम हो गई। अपने को संभाल कर उन्होंने अपने परिजनों व शुभचिंतकों के साथ बेटे का दाह संस्कार किया।


