सड़क हादसे में युवक की मौत, घर में मचा कोहराम
जीरादेई के मुकुंदपुर गांव में रविवार शाम एक सड़क हादसे में 23 वर्षीय आकाश यादव की मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ बाइक चला रहा था, तभी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जीरादेई, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकुंदपुर गांव निवासी सीताराम यादव के पुत्र आकाश यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव और परिजनों में मातम पसर गया। मिली जानकारी के अनुसार आकाश यादव अपने तीन-चार दोस्तों के साथ मुकुंदपुर-बढ़ेया रोड पर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आकाश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद साथ चल रहे युवकों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, जैसे ही हादसे की खबर घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि आकाश मिलनसार स्वभाव का युवक था और उसकी असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण बाइक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


