
वाहन के धक्के से नाबालिग की मौत, मचा कोहराम
भगवानपुर हाट क्षेत्र में वसंत पंचमी के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्रा निपू कुमारी की मौत हो गई। अज्ञात पिकअप वाहन ने उसे टक्कर मार दी, और चालक मौके से फरार हो गया। बच्ची को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना ने पूरे गांव में शोक का माहौल बना दिया।
भगवानपुर हाट , एक संवाददाता। जहां एक ओर वसंत पंचमी के पावन अवसर पर गांव-घर में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना हो रही थी, वहीं दूसरी ओर भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के गजियापुर-महमदा रोड पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अज्ञात पिकअप वाहन की चपेट में आने से 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिससे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरमा टोले टारी निवासी विद्यार्थी राय की 13 वर्षीय पुत्री निपू कुमारी सुबह किसी जरूरी काम से घर से निकली थी।
इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक ने न तो रुकने की कोशिश की और न ही घायल बच्ची को देखने की जहमत उठाई, बल्कि वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सुबह-सुबह हुए हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। राहगीरों ने बच्ची को सड़क पर तड़पते देखा तो आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल बच्ची के परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल निपू को इलाज के लिए बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पूरे चोरमा टोले टारी में कोहराम मच गया बच्ची की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे चोरमा टोले टारी में कोहराम मच गया। वसंत पंचमी के अवसर पर जहां घरों में पूजा की थालियां सजी थीं, वहीं निपू के घर में चीत्कार गूंज उठी। मृतका की मां रानी देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का कहना था कि निपू घर की सबसे छोटी और सबकी दुलारी थी। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों के करुण क्रंदन से गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह के निर्देश पर पीएसआई मदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात पिकअप वाहन की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। मौके पर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि विभाकर पांडेय, शशिकांत तिवारी, डॉ. दीपक कुमार, सुनील कुमार सिंह सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और प्रशासन से दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पांचवीं की होनहार छात्रा थी बताया जाता है कि मृतका निपू कुमारी मिडिल स्कूल चोरमा में कक्षा पांचवीं की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी होनहार थी। चार बहनों में सबसे छोटी निपू अपने माता-पिता की आंखों का तारा थी। उसकी तीन बड़ी बहनें पिंकी कुमारी, टीएन कुमारी, सुमन कुमारी तथा दो भाई पप्पू कुमार और राहुल कुमार हैं। निपू की असामयिक मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरा गांव स्तब्ध है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गजियापुर-महमदा रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर निर्माण और नियमित गश्ती की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




