
हुसैनगंज में पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट, एक की मौत
हुसैनगंज (सीवान) के बड़रम गांव में पटाखा बनाने के दौरान तेज विस्फोट में मुतूर्जा मंसूरी की मौत हो गई। विस्फोट इतना भयंकर था कि करकटनुमा कमरा जमींदोज हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के समय गांव में भय का माहौल था और मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
हुसैनगंज (सीवान), एक संवाददाता। स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़रम गांव में गुरुवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे पटाखा बनाने के दौरान हुए तेज विस्फोट में एक युवक की मौत हो गयी। विस्फोट में मरने वाला युवक मुतूर्जा मंसूरी बताया गया है। विस्फोट इतना तेज था कि करकटनुमा कमरा पूरी तरह जमींदोज हो गया और मौके पर मौजूद युवक का शरीर क्षत - विक्षत हो गया। वहीं, बाद में इस घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। बताया गया है कि मुर्तुजा मंसूरी पेशे से आतिशबाज था। शादी समारोह सहित अन्य आयोजनों पर घर पर ही बनाए गए पटाखों को फोड़ता था।
इधर गुरुवार की सुबह वह अपने घर के पिछले हिस्से में बने करकटनुमा कमरे में पटाखा बना रहा था। इस दौरान अचानक पटाखे फटने से तेज धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि पूरा गांव दहल उठा और आसपास के लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया। इस घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकठ्ठी हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने क्षत विक्षत पड़े शव को डठवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मौके पर एसपी पूरन कुमार झा, एसडीएम आशुतोष गुप्ता, एसडीपीओ सदर अजय कुमार सिंह , एसडीपीओ मैरवा गौरी कुमारी व हुसैनगंज थानाध्यक्ष भी पहुंचे। एसपी ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टया आतिशबाजी के लिए पटाखे बनाने के दौरान हुआ हादसा प्रतीत होता है। एफएसएल टीम के साक्ष्य व मृतक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इस घटना की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




