अंतिम संस्कार की रस्म के बाद पोखरे में नहाने गए युवक की डूबकर मौत

Feb 17, 2026 02:20 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

भगवानपुर हाट के चोरमा बाजार में एक युवक अनुप कुमार (20 वर्ष) की तालाब में डूबने से मौत हो गई। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद वह स्नान करने गया था। जब उसकी खोजबीन की गई, तो वह तालाब में अचेत मिला। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 अंतिम संस्कार की रस्म के बाद पोखरे में नहाने गए युवक की डूबकर मौत

भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। थानाक्षेत्र के चोरमा बाजार स्थित तालाब में सोमवार की दोपहर नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक चोरमा के तिलक साह का पुत्र अनुप कुमार (20 वर्ष) बताया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के हीं ग्रामीण चिकित्सक सुरेश कुमार श्रीवास्तव की पत्नी की मृत्यु होने पर सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम संस्कार में शामिल लोग पोखरा में नहाने चले गए। पोखरे में स्नान कर सभी लोग घर लौट आए। लेकिन कुछ देर बाद बच्चों ने तालाब के किनारे एक चप्पल व मोबाइल पड़ा देखा। यह खबर सुनकर जब कुछ लोगों ने वहां जाकर देखा तो पाया कि मोबाइल तो अनूप कुमार का है।

इसके बाद लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। जब उसका कुछ पता नहीं चला तो लोगों को अंदेशा हुआ कि कहीं दाह संस्कार के बाद नहाने के दौरान वह तालाब में डूब तो नहीं गया? इस अंदेशे से गांव के दर्जनों लड़के तालाब में उतर कर उसकी खोजबीन करने लगे। खोजबीन के दौरान अनुप तालाब के पानी में नीचे अचेत पड़ा मिला। लोगों ने आनन-फानन में उसे तत्काल इलाज के लिए बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना भगवानपुर हाट पुलिस को दी गई। घटना की सूचना पर पुलिस के आने में विलंब होने पर लोगों में आक्रोश बढ़ने लगा और लोग शव लेकर बसंतपुर में सड़क जाम करने का प्रयास करने लगे। तभी बसंतपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने तुरंत एसआई राजीव रंजन, पीएसआई सौरभ कुमार व पुलिस बलों को मौके पर भेजा, जहां आक्रोशित लोगों को पुलिस ने समझा कर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजने के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू करने के दौरान भगवानपुर थाना की पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।