दरौंदा निवासी वन विभाग के एसआई की यूपी में सड़क दुर्घटना में मौत

दरौंदा निवासी वन विभाग के एसआई की यूपी में सड़क दुर्घटना में मौत

संक्षेप:

धानाडीह निवासी अनिल सिंह, जो उत्तर प्रदेश के वन विभाग में सब-इंस्पेक्टर थे, 06 दिसंबर को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए और 08 दिसंबर को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है।

Dec 11, 2025 04:53 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

दरौंदा, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के धानाडीह निवासी एवं उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में वन विभाग में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर अनिल सिंह की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। 06 दिसंबर को हुई सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल होने के बाद 08 दिसंबर को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। हादसे की जानकारी भाजपा मंडल अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह उर्फ बबलू सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि उनके भतीजे अनिल सिंह सोनभद्र के वन विभाग कार्यालय से ड्यूटी समाप्त कर बाहर निकल रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही बुलेट बाइक ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बनारस रेफर कर दिया। दो दिनों तक चले इलाज के दौरान 08 दिसंबर की दोपहर उनकी मौत हो गई। अधिकारियों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार काशी विश्वनाथ घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया गया। शवयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और आंखों में आंसू लिए अंतिम विदाई दी। मृत एसआई अनिल सिंह अपने पीछे पत्नी प्रेम देवी, दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। परिवार में प्रसन्नता का माहौल एकदम से मातम में बदल गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर मिलते ही विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह, बृजनंदन सिंह, आनंद सिंह, मनीष सिंह, रणजीत सिंह, आनंद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उनके पैतृक आवास धानाडीह पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।