मुबई में ट्रेन से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत
बड़हरिया के आलमपुर गांव निवासी 24 वर्षीय अब्दुल राजा की मुंबई में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना 26 मार्च को दादर स्टेशन पर हुई। अब्दुल चार महीने पहले मजदूरी के लिए मुंबई गया था। उसके परिजनों को जब शव की सूचना मिली, तो गांव में मातम पसर गया। उसका अंतिम संस्कार नम आंखों से किया गया।

बड़हरिया, एक संवाददाता। प्रखंड के जामो थाना क्षेत्र अंतर्गत आलमपुर गांव निवासी मो. असलम के 24 वर्षीय पुत्र अब्दुल राजा की मुबई में ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही युवक का शव मुंबई से गांव लाया गया , पूरे आलमपुर में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।मिली जानकारी के अनुसार 26 मार्च को मुंबई के दादर स्टेशन पर काम पर जाने के दौरान अब्दुल राजा अचानक ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मुंबई दादर स्टेशन की जीआरपी ने जामो थाना पुलिस को दी।
इसके बाद जामो पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। बताया जाता है कि अब्दुल राजा करीब चार महीने पहले मजदूरी करने मुंबई गए थे। घटना के बाद पूर्व उपप्रमुख सह वर्तमान मुखियापति जीव नारायण यादव ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद परिजन मुंबई पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर गांव लौटे, जहां नम आंखों के बीच उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अब्दुल राजा अपने पिता मो. असलम के तीन पुत्रों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई इस्तेखार आलम और जुल्फेकार अहमद हैं। परिवार में वह कमाने वाला सदस्य था, जिसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की मां फातिमा खातून और पिता मो. असलम सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


