हवन-पूजन और भंडारे के साथ उखई टोला चपरैठी में शतचंडी महायज्ञ संपन्न
सीवान के पचरुखी प्रखंड के उखई टोला चपरैठी में नवनिर्मित दुर्गा मंदिर में आयोजित सात दिवसीय शतचंडी महायज्ञ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर उत्सव मनाया। यज्ञ का संचालन श्री श्री शास्त्री जी महाराज और ऋषीकेश पांडेय के सानिध्य में हुआ। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

सीवान, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। पचरुखी प्रखंड के उखई टोला चपरैठी स्थित नवनिर्मित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय शतचंडी महायज्ञ शनिवार को हवन, पूजन और पूर्णहुति के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर हर्षोल्लास मनाया। इससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय रंगों में सराबोर नजर आया। यज्ञाध्यक्ष अवधेश सिंह ने बताया कि इस महायज्ञ का सफल संचालन द्वारिका से पधारे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त श्री श्री शास्त्री जी महाराज के प्रवचन और वाराणसी के यज्ञाचार्य ऋषीकेश पांडेय के सानिध्य में संपन्न हुआ। यह महायज्ञ विशेष रूप से नवनिर्मित देवी मंदिर में माता दुर्गा की प्राण-प्रतिष्ठा के निमित्त आयोजित किया गया था।
बता दें कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद गुरुवार दोपहर 12 बजे ही मातारानी के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। यज्ञ स्थल पर पूर्णहुति के बाद देर शाम विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पूरी, खीर और बुंदिया का प्रसाद ग्रहण किया। यज्ञ के दौरान सात दिनों तक यज्ञ मंडप की परिक्रमा और रात्रि प्रवचन में भारी भीड़ उमड़ती रही। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में पशुपति नाथ सिंह, नागेंद्र सिंह, नारायण कुमार, रामायण सिंह, रंजन कुमार, नीतीश कुमार और विधालाल साह सहित समस्त ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही। यज्ञ समिति ने बताया कि क्षेत्र के श्रद्धालुओं में इस महायज्ञ को लेकर भारी उत्साह देखा गया। महायज्ञ के दौरान मुख्य यजमान बच्चा सिंह, शारदा सिंह, अरविंद सिंह, अशोक साह और सतीश कुमार सहित अन्य भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


