मैरवा में चिह्नित जगहों पर ट्रैफिक पुलिस बल की होगी तैनाती

Jan 19, 2026 02:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

मैरवा में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने जन-सुनवाई के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। जाम, स्मैक के कारोबार, और भूमि विवाद पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसपी ने कहा कि 25 जनवरी से ट्रैफिक पुलिस तैनात होगी और भूमि विवाद की समीक्षा स्वयं करेंगे। जनता की सुरक्षा का मुख्य उद्देश्य है।

मैरवा में चिह्नित जगहों पर ट्रैफिक पुलिस बल की होगी तैनाती

मैरवा, एक संवाददाता। थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने जन-सुनवाई की। इस दौरान एसपी ने क्षेत्र से आए लोगों की समस्याओं को सुनकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके निष्पादन के लिए कड़े निर्देश दिया। मझौली रोड के शोहराब खान उर्फ लाल मियां ने मझौली चौक,गुठनी मोड़ और मैरवा धाम पर लगने वाले जाम की समस्या उठाते हुए वहां स्थायी पुलिस बल की तैनाती की मांग की। इस पर एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि 25 जनवरी से ट्रैफिक पुलिस बल उपलब्ध हो जाएगा। इसके बाद चिन्हित स्थानों पर तैनाती की जाएगी। मई माह के बाद जिले को 500 अतिरिक्त पुलिस बल मिलने वाला है।

जिससे गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। बभनौली के मुखिया प्रतिनिधि शशि यादव ने इलाके में स्मैक के बढ़ते कारोबार और इसके कारण होने वाली चोरी व छिनतई की घटनाओं का मुद्दा उठाया। जनप्रतिनिधियों ने मांग किया कि सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाए ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। एसपी ने इस पर सहमति जताते हुए एसडीपीओ को स्मैक और शराब कारोबारी पर नकेल कसने का सख्त निर्देश दिया।कार्यक्रम में नवादा गांव की शरीफन निशा ने भूमि विवाद का मामला उठाया। एसपी ने एसडीपीओ को अंचलाधिकारी से मिलकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि अभिमन्यु कुमार ने एक व्यवसायी की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराकर फंसाने का मामला उठाया। एसपी ने स्पष्ट किया कि 26 जनवरी के बाद वे स्वयं भूमि विवाद के मामलों की समीक्षा करेंगे और शांति भंग करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। इसके अलावा राघवेंद्र खरवार ने मैरवा और दरौली थाना के जर्जर भवन और चौक चौराहो पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग किया।जिस पर एसपी ने पुलिस विभाग के भवन निर्माण इंजीनियर से वार्ता कर आगे की कारवायी करने का आश्वासन दिया। एसपी का कहना है इस संबंध में एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना है। हमें स्मैक और अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है। इसके लिए एसडीपीओ को विशेष निर्देश दिए गए हैं। भूमि विवाद के मामलों में जो भी शांति भंग करने की कोशिश करेगा उस पर पुलिस कठोरतम कार्रवाई करेगी। मौके पर थाना प्रभारी राहुल कुमार , इंस्पेक्टर रत्नेश वर्मा समेत कई लोग मौजूद थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।